उज्जैन के महिदपुर में खनिज चोरी के आरोप में कांग्रेस नेता दिनेश जैन गिरफ्तार

प्रदेश कांग्रेस सचिव दिनेश जैन बोस को करोड़ों रुपये के खनिज चोरी के मामले में मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई महिदपुर रोड पुलिस ने की।

पुलिस ने बताया कि अगस्त 2021 में अवैध खनन के राजस्व वसूली को लेकर कोर्ट के निर्देश पर जैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। दरअसल जिले के खनिज अधिकारी ने 29 मई 2014 को ग्राम बपैया में जांच की थी। पता चला था कि जैन ने स्वीकृत पट्टे के अलावा अन्य स्थानों पर भी अवैध खनन किया है। इस पर उसके खिलाफ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने 19 फरवरी 2016 को 30.29 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। इस जुर्माने के खिलाफ जैन ने अपील की थी। मगर सभी अपील खारिज हो गई। इसके बाद भी राशि जमा नहीं करने पर सहायक खनिज अधिकारी ने केस दर्ज करवाया था। इसके बाद से ही दिनेश जैन फरार चल रहा था। मंगलवार सुबह महिदपुर रोड तथा महिदपुर पुलिस ने मिलकर जैन के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पहले दिया था सात दिन का नोटिस

हाई कोर्ट के आदेश पर कलेक्टर आशीष सिंह मे 16 जून 2021 को नोटिस जारी कर 7 दिन के अंदर 30 करोड रुपये की जुर्माना राशि जमा करवाने के आदेश दिए गए थे। फिर भी जैन ने रुपये जमा नहीं करवाए थे।

कांग्रेस से बागी होकर लड़ा था चुनाव

बता दें कि दिनेश जैन बोस ने विधानसभा चुनाव-2018 में कांग्रेस से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। इस पर कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था। जैन भाजपा प्रत्याशी बहादुरसिंह चौहान से चुनाव हार गए थे। बाद में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने उन्हें फिर से पार्टी में शामिल कर लिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here