आज से चार घाटों पर दीए सजाएंगे, आने-जाने पर प्रतिबंध, स्नान करने के लिए श्रद्धालु कर्कराज और भूखीमाता घाट पर जाएं

टावर से तीन बत्ती चौराहे के बीच रंगबिरंगी विद्युत सज्जा की गई। टावर चौक को भी सजा दिया है। 2. घाट पर दीप जलाने की रिहर्सल। 3. दीपक लगना शुरू।

वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए अब चार ब्लॉक में 13500 स्वयंसेवक 13 लाख दीपक जलाएंगे

महाशिवरात्रि महामहोत्सव में 1 मार्च को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए चार ब्लॉक (घाट) में 13 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके लिए रविवार से तैयारी शुरू हो गई। सोमवार से ही इन घाटों पर आना-जाना प्रतिबंधित कर दिया है। स्नान के लिए श्रद्धालुओं को कर्कराज और भूखीमाता घाट पर जाना होगा। सोमवार को सभी 13 लाख दीपक घाटों पर जमा देंगे। मंगलवार दोपहर से तेल, बाती डालने का काम शुरू होगा और शाम सूर्यास्त के बाद दीपों का प्रज्ज्वलन होगा। दीप जलाने के लिए 13500 स्वयंसेवक तैनात होंगे। इधर शहर को नागरिक और व्यापारी विद्युत सज्जा आदि से दुल्हन की तरह सजा रहे हैं।

एक मार्च को महाशिवरात्रि पर महामहोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए पूरे शहर को रंगोली, ध्वज-पताकाओं, फूलों से सजाने के साथ चौराहों, भवनों को रंगबिरंगी विद्युत रोशनी से सजाया जा रहा है। मंगलवार शाम शिप्रा के किनारे 4 घाटों रामघाट, दत्त अखाड़ा, सुनहरी घाट व केदारेश्वर घाट पर 13 लाख दीपकों का एक साथ प्रज्ज्वलन कर विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा।

दीए जलाने के लिए चार ब्लॉक के 127 सेक्टर्स में 13500 स्वयंसेवकों को तैनात किया जाएगा। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए काम करने वाली टीम ने रविवार सभी संस्थाओं के पदाधिकारियों को पूरा डेमो देकर बताया कि 1 मार्च को कैसे दीप जमाएं, तेल-बाती लगाएं और एक साथ जलाएं। एक स्वयंसेवक को 50 दीपक जलाने होंगे।

इनको घाट पर जाने के लिए परिचय पत्र दिए जाएंगे। जिन पर ब्लॉक और सेक्टर दर्ज है। इनके अलावा शहर में महाकाल मंदिर 51000, मंगलनाथ मंदिर 11000, कालभैरव मंदिर एवं घाट पर 10000, गढ़कालिका मंदिर 1100, सिद्धवट मंदिर व घाट पर 6000, हरसिद्धि मंदिर 5000, टावर व आसपास 1 लाख, अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 2 लाख, इस प्रकार शिप्रा नदी के तट पर तथा सार्वजनिक स्थानों और घर-घर में जलाए जाने वाले दीपों की संख्या 21 लाख होने की संभावना है।

आज 12 बजे से भूखी माता एवं कर्कराज घाटों पर ही स्नान

महामहोत्सव की तैयारियों के लिए प्रशासन ने 28 फरवरी की दोपहर 12 बजे से 1 मार्च तक स्नान व्यवस्था तय की है। इस दौरान श्रद्धालु भूखी माता घाट एवं कर्कराज घाट पर ही स्नान कर सकेंगे। अन्य घाटों पर स्नान नहीं होगा। कलेक्टर ने सभी श्रद्धालुओं से कहा है कि स्नान करने के इच्छुक सभी श्रद्धालु भूखी माता एवं कर्कराज घाट पर जाकर स्नान करेंगे।

1 मार्च को रात 8 बजे के बाद ही श्रद्धालु घाटों पर आ सकेंगे

1 मार्च की शाम रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट, नृसिंह घाट, सुनहरी घाट पर 13 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दीप प्रज्ज्वलित एवं तैयारियों को लेकर रात 8 बजे तक घाटों पर पहुंचने वाले मार्गों को प्रतिबंधित किया जाएगा। दर्शनार्थी एवं श्रद्धालु दीपोत्सव का अवलोकन रात 8 बजे के बाद घाटों पर पहुंचकर कर सकेंगे। कलेक्टर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे रात 8 बजे के बाद ही घाटों की ओर आएं।

गुरुनानक घाट पर दीप गुरुद्वारों पर रोशनी होगी

सिख समाज द्वारा गुरुनानक घाट पर दीपमाला लगाई जाएगी। शहर के सभी गुरुद्वारों पर रोशनी होगी। जत्थेदार सुरेंद्रसिंह अरोरा, इकबालसिंह गांधी, तिरलोचनसिंह, गुरदीपसिंह जुनेजा, चरणजीतसिंह कालरा, पुरुषोत्तमसिंह चावला, बलदेवसिंह विग, सतबीरसिंह कालरा ने समाजजनों से महामहोत्सव को मनाने का आग्रह किया है।

चामुंडा माता के दरबार में दीप जलेंगे, चौराहा सजेगा

देवासगेट स्थित छत्रेश्वरी चामुंडा माता मंदिर भक्त समिति चामुंडा माता मंदिर पर 5100 दीपक प्रज्वलित करेगी व मंदिर शिखर पर आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी। प्रसादी वितरण होगा। फूलों की सजावट भी की जाएगी। पं. वेदांत चौबे एवं राजेंद्र शाह ने बताया सभी भक्त अपने घरों पर भी दीपमालिका लगाएंगे।

ये समाज-संस्थाएं भी दीपोत्सव में भागीदार

  • रुद्रसागर स्थित विक्रमादित्य टेकरी पर 5100 दीपक प्रज्वलित कर रोशनी की जाएगी। व्यवस्थापक यश मल्होत्रा ने जानकारी दी।
  • भारत विकास परिषद महाकाल पटनी बाजार स्थित अग्रवाल धर्मशाला में 3100 दीप प्रज्ज्वलित कर 6 बजे महाआरती की जाएगी।
  • औदुंबर ब्राह्मण समाज व अभा भगवान वामन जन्म उत्सव समिति महर्षि परशुराम आश्रम ट्रस्ट पिपली नाका पर 11000 दीपक लगाएगी।
  • श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज महाशिवरात्रि पर 11000 दीप प्रज्ज्वलन और आकर्षक विद्युत सज्जा करेगा।
  • अभा ब्राह्मण समाज ने उर्दूपुरा, जीवाजी गंज क्षेत्र में दीपोत्सव की आव्हान यात्रा निकाली। घर-घर जाकर दीपक एवं आव्हान पत्र बांटे।
  • प्रजापति चौरासी संघ के अध्यक्ष अशोक प्रजापत ने बताया श्रीयादे माता मंदिर एवं धर्मशाला रामघाट पर महाआरती पश्चात दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे।
  • वाल्मीकि धाम के प्रमुख बालयोगी उमेशनाथ के सान्निध्य में दीपोत्सव होगा। अनिल टोपे ने बताया 5100 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। आदर्श वाल्मीकि महापंचायत ने सभी से इसमें भाग लेने का आग्रह किया है।
  • सिंधी समाज के करीब तीन हजार घरों और एक हजार व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर हजारों दीपक लगाए जाएंगे। सोमवार से शिवरात्रि तक सिंधी कॉलोनी चौराहा से लेकर बंगाली कॉलोनी तक की सड़क रोशनी से जगमगाएगी। यहां पर लाइटिंग की गई है। झूलेलाल मंदिरों पर आकर्षक सजावट शुरू हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here