इंदौर निगम का दरोगा करोड़ों का मालिक – 26 साल में 55 लाख वेतन, प्रॉपर्टी 2 करोड़

इंदौर नगर निगम में दरोगा के पद पर तैनात पीए करोड़ों की संपत्ति का मालिक निकला। मंगलवार को EOW ने दरोगा मुकेश पांडे के घर पर छापा मारा। यहां उसकी प्रॉपर्टी, स्कूल, कार, ज्वेलरी और भूंखडों के दस्तावेज मिले। 26 साल की नौकरी में करीब 55 लाख रुपए वेतन मिला, लेकिन उसके अनुपात में दरोगा के पास कई गुना ज्यादा प्रॉपर्टी है। जांच में करीब 2 करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्ति की जानकारी सामने आई है। इसके साथ ही आय से अधिक संपत्ति को लेकर EOW ने मामले में कार्रवाई की है।

शुक्ला का करीबी होने के चलते कार्रवाई

मुकेश पांडे कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के उपाध्यक्ष है। विष्णु प्रसाद शुक्ला इस समाज के अध्यक्ष है। कार्रवाई को लेकर ब्राह्मण समाज के लोग कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी व कांग्रेस के विधायक संजय शुक्ला से पांडे के पारिवारिक संबंधों को भी जोड़कर देख रहे हैं। पांडे नगर निगम में भव्या मित्तल के PA के साथ राजस्व विभाग में पदस्थ हैं। यह भी चर्चा है कि महापौर चुनाव में कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी भी दल को सपोर्ट न करें। एसपी धनंजय शाह का कहना है कि पांडे की पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं। जिनकी जांच की जा रही है।

26 साल की नौकरी, करोड़ों की संपत्ति

मुकेश पांडे ने नगर निगम ने करीब 26 साल नौकरी की है। जिसमें उनकी सैलरी 55 लाख होना थी, लेकिन संपत्ति 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की निकली। पांडे के पास डेढ़ हजार वर्ग फीट का जी प्लस वन भवन है। इसकी अनुमानित कीमत 38 लाख रुपए है। वहीं तीन मंजिला स्नेजी एकेडमी स्कूल की कीमत 51 लाख रुपए आंकी गई है। पांडे की पत्नी प्रीति के नाम इंदौर के नरीमन पॉइंट पर डेढ़ हजार और एक हजार वर्गफीट प्लॉट की कीमत करीब 55 लाख रुपए आंकी गई है। साकार एनआरआई में भी पत्नी प्रीति पांडे के नाम से पांच हजार दो सौ वर्ग फीट का प्लॉट है, जिसकी कीमत 35 लाख रुपए आंकी गई है।

रिश्तेदार के प्लॉट के दस्तावेज पांडे के घर

पांडे के स्नेजी स्कूल एकेडमी के पास एक खाली प्लॉट है। करीब 15 सौ वर्ग फीट का ये प्लॉट रिश्तेदार के नाम है। इसकी कीमत भी करीब दस लाख रुपए है। इसके दस्तावेज पांडे के घर पर ही मिले। EOW ने जब पूछताछ की तो वह जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद EOW ने दस्तावेजों को जब्त कर लिया।

बेटी की MBBS की पढ़ाई का हिसाब भी मांगा

पांडे की बेटी इशिता के भोपाल में एक कॉलेज से MBBS की पढ़ाई की जानकारी सामने आई है। जिसमें दो साल की फीस 17 लाख के बराबर है। वहीं फ्लैट से करीब आठ लाख रुपए कीमत की 165 ग्राम ज्वेलरी भी EOW को मिली है। इसके साथ ही सवा दो लाख रुपए नकद और घर में करीब 25 लाख रुपए कीमत के विलासिता का सामान मिला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here