विधानसभा चुनावों और मिशन 2024 की रणनीति पर होगा फोकस, PM मोदी रोड शो से दिखाएंगे ताकत

0
85

भारतीय जनता पार्टी की आज से शुरू होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है।

इस साल दस राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इस बैठक में गहराई से मंथन किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक दो दिवसीय बैठक के दौरान मिशन 2024 के साथ ही विधानसभा चुनावों में पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप देने की तैयारी है।

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा 35 केंद्रीय मंत्री भी हिस्सा लेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत 12 राज्यों के मुख्यमंत्री और 37 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के अध्यक्ष भी इस बैठक में शामिल होंगे। दोपहर बाद शाम चार बजे बैठक की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में राजधानी दिल्ली में भव्य रोड शो निकालने की तैयारी है। इस रोड शो में भारी भीड़ उमड़ने की आशंका है और इसी कारण दिल्ली पुलिस की ओर से ट्रेफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है।

चुनावी रणनीति पर होगा गहराई से मंथन

भाजपा सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान 10 राज्यों के विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर अलग-अलग चर्चाएं होंगी। 2024 की सियासी जंग से पहले राज्यों के विधानसभा चुनाव को सत्ता का सेमीफाइनल मुकाबला माना जा रहा है। इस साल राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, कर्नाटक, मिजोरम, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा और जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इनमें से कई राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकारें हैं।

भाजपा ने इन राज्यों में चुनावी तैयारियों की शुरुआत कर दी है। पीएम मोदी के अलावा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता लगातार इन राज्यों का दौरा करने में जुटे हुए हैं। कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों को सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि बैठक के दौरान विधानसभा चुनावों पर गहराई से मंथन किया जाएगा और इसके साथ ही मिशन 2024 के लिए पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

रोड शो के जरिए भाजपा करेगी शक्ति प्रदर्शन

भाजपा की ओर से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भव्य रोड शो निकालने की तैयारी है। इस रोड शो के जरिए भाजपा ने राष्ट्रीय राजधानी में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी की है। यह रोडशो पटेल चौक से बैठक स्थल एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर तक निकाला जाएगा। पीएम मोदी की अगुवाई में निकाले जाने वाले इस रोड शो में कई केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और सांसदों के हिस्सा लेने की संभावना है।

इस रोड शो के दौरान भारी भीड़ बढ़ने की आशंका के मद्देनजर दिल्ली पुलिस की ओर से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। दिल्ली पुलिस की ओर से लोगों को रोड शो वाली सड़कों व इलाकों में यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है। इस रोड शो को भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

नड्डा का कार्यकाल बढ़ाया जाना तय

भाजपा सूत्रों का कहना है कि दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पार्टी के मौजूदा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कार्यकाल को बढ़ाने का प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा। नड्डा का कार्यकाल इसी महीने समाप्त होने वाला है मगर कई राज्यों में विधानसभा चुनाव और अगले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नड्डा का कार्यकाल बढ़ाया जाना तय माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here