विस चुनाव की तैयारी बूथ समितियों में 33% महिलाओं को माैका देगी भाजपा; प्रदेश में पिछले चुनाव में हारे 18 हजार बूथों पर फोकस

0
131

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को जोड़ने पर फोकस शुरू कर दिया है। इसके तहत पार्टी बूथ समितियों में कम से कम 33 फीसदी महिलाओं को शामिल करेगी। खास बात यह है कि हर जिले में पार्टी कुछ ऐसे बूथ भी तैयार करेगी, जहां महिला सदस्यों व पदाधिकारी की संख्या 50 फीसदी से ज्यादा हो। पार्टी ने संगठन के निर्देश पर महिला सदस्यों काे अधिक संख्या में जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी की यह भी तैयारी है कि इंदौर नगर व जिले दोनों में 51 फीसदी वोट शेयर के टारगेट के साथ बूथ पर काम होगा। पार्टी इस बार इंदौर की अधिकतर सीटें जीतने की रणनीति पर काम कर रही है।

यही वजह है कि पहली बार बूथ पर सामाजिक समीकरण का भी खास ध्यान रख रही है। इंदौर सहित प्रदेशभर में पिछले कुछ चुनावों से लगातार हार रहे 18 हजार 200 बूथों पर पार्टी ने इस बार ज्यादा फोकस किया है। इन बूथों पर ही पार्टी 50 फीसदी से ज्यादा महिला कार्यकर्ताओं को जिम्मा सौंपेगी।

ज्यादा से ज्यादा संख्या में महिलाओं को जोड़ रहे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का कहना है कि हम बूथ समितियों में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को जिम्मेदारी सौंप रहे हैं। कम से कम 33 फीसदी पद तो महिलाओं को दे ही रहे हैं। 11 सदस्यीय बूथ समितियां हों या पन्ना समिति। हम सभी जगह महिलाओं को ज्यादा संख्या में जोड़ रहे हैं। लक्ष्य 51 फीसदी वोट शेयर का है।

सभी बूथों को 1 ग्रेड में लाएंगे

हम बूथ को नए सिरे से ग्रेडिंग दे रहे हैं। जिन पर 2018 में हमारी स्थिति बहुत अच्छी थी और 75 फीसदी तक वोट मिले थे, वे हमारे ए ग्रेड बूथ हैं। रिकॉर्ड तैयार कर रहे हैं कि ए, बी, सी और डी जैसे चारों कैटेगिरी के बूथ की स्थिति 2018, 2013 और 2008 में क्या थी। इसके बाद संगठन बूथ समीक्षा कर अगला टारगेट तय करेगा। बूथ व पन्ना समितियों को ही यह टारगेट अचीव करना है कि वे ए से ए प्लस और बी या बी प्लस से ए पर कैसे पहुंचे।

नेताओं से चर्चा की
बताते हैं कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हाल ही में इस मुद्दे पर जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश सोनकर, महापौर पुष्यमित्र भार्गव से भी चर्चा की थी और संगठन में बूथ को लेकर तय किए गए नए टारगेट के बारे में जानकारी दी। पार्टी नगर और जिला दोनों में इस पर काम शुरू कर चुकी है। इस दौरान नीलेश उपाध्याय, वरुण पाल आदि भी मौजूद थे।

एक-एक वोट की समीक्षा करेंगे
सामान्य तौर पर भाजपा के जो मजबूत बूथ हैं, वे सालों से उसी मजबूती के साथ बने हुए हैं, लेकिन अब हम यह समझ रहे हैं कि जिन बूथ पर 1 हजार में से 900 वोट मिल रहे हैं, उन पर 100 वोट क्यों नहीं मिल रहे? इसके पीछे क्या कारण है। किस समाज के मतदाता हैं, क्या किसी की कोई नाराजगी है?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here