आर्मी जवानों ने 2 महिलाओं से किया रेप महिलाओं का आरोप- झांसी स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के कोच में की दरिंदगी; 2 हिरासत में, 1 फरार

0
137

झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम आर्मी के जवानों ने 2 महिलाओं के साथ रेप किया। दोनों महिलाएं अपने रिश्तेदार से मिलने स्टेशन आई थीं। आरोप है कि एक जवान ने उनसे बात करने के लिए मोबाइल मांगा। फिर उनको स्टेशन के अंदर प्लेटफार्म नंबर-7 पर खड़े एक कोच तक लेकर आए। कोच में 2 जवान पहले से थे। तीन में से दो जवानों ने उनके साथ दरिंदगी की। फिर उनका मोबाइल छीनकर भगा दिया।

GRP ने दो जवानों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जबकि तीसरा आरोपी फरार है। तीनों के खिलाफ GRP थाने में रेप का केस दर्ज किया गया है। दो जवान बिहार और एक उत्तराखंड का बताया जा रहा है।

महिलाओं से कहा- हमारा फोन खो गया
पीड़ित महिलाओं ने बताया,“हम दोनों दोस्त हैं। एक रिश्तेदार से मिलने के लिए स्टेशन जा रहे थे। स्टेशन के बाहर एक युवक मिला। वो कहने लगा कि हमारा मोबाइल खो गया है। कॉल लगाने के लिए हमसे मोबाइल मांगने लगा। हमने मानवता के नाते उसको बात करने के लिए मोबाइल दे दिया। वो बात करते हुए स्टेशन के अंदर चला गया। ये कहते हुए कि देखते हैं, हमारा मोबाइल मिल जाए तो…।

हम दोनों उसके पीछे-पीछे प्लेटफार्म नंबर-7 पर पहुंच गए। वहां एक ट्रेन खड़ी थी। वो हम दोनों को एक कोच में ले गया। वहां पहले से दो युवक मौजूद थे। वे कोच के अंदर ही मीट-चिकन बना रहे थे। शराब पी रहे थे। तब पता चला कि वे आर्मी से हैं। दो आर्मी के जवानों ने हमारे साथ रेप किया।”

मोबाइल छीनकर नीचे उतारा, धमकी दी
महिलाओं ने आगे बताया,“एक आर्मी जवान भी रेप करना चाहता था। हमारे रोने-चिल्लाने पर उन्होंने धमकी दी कि तुम किसको बुलाओगी। हम सेना से है, कुछ नहीं कर पाओगी। हम दोनों को कोच से नीचे उतार दिया और मोबाइल छीन लिया। इसके बाद हमने एक युवक से मोबाइल मांगा और 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दो जवानों को पकड़ लिया और बाकी एक भाग गया।”

आर्मी अफसर थाने पहुंचे, CO ने महिलाओं से बातचीत की
ट्रेन के कोच में दो महिलाओं से रेप होने की सूचना के बाद दोनों महिलाओं को GRP लाया गया। GRP सीओ मोहम्मद नईम मंसूरी ने थाने पहुंचकर पीड़ित महिलाओं से बातचीत की। फिर आर्मी के अफसरों को मामले के बारे में बताया गया। आर्मी के अफसर भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

आर्मी जवानों की स्टेशन पर थी ड्यूटी
बताया जा रहा है कि एक ट्रेन दो दिन पहले झांसी आई थी। यहां से सेना का महत्वपूर्ण सामान लोड होकर 7 दिन बाद मालगाड़ी को रवाना होना है। चूंकि सामान महत्वपूर्ण था, इसलिए आर्मी के जवानों की ड्यूटी मालगाड़ी की सुरक्षा के लिए लगाई गई थी। मालगाड़ी में एक डिब्बा लगा था। उसी में जवान रहते थे और खाना बनाते थे। इसी डिब्बे में दरिंदगी की गई।

सीओ मोहम्मद नईम मंसूरी ने बताया कि कोच के अंदर आर्मी जवानों द्वारा महिलाओं से रेप करने का मामला सामने आया है। तहरीर मिलने पर संदीप, रविंद्र और सुरेश नाम के आर्मी जवानों पर रेप का केस दर्ज किया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अनसेफ होता जा रहा झांसी स्टेशन
झांसी स्टेशन महिलाओं के लिए अनसेफ होता जा रहा है। फरवरी में RPF इंस्पेक्टर बनकर एक युवक प्रेमी के साथ भागकर आई एक लड़की को स्टेशन से पकड़कर अपने कमरे पर ले गया। वहां उसे रातभर रखा और छेड़छाड़ की थी। प्रेमी के मामला उजागर करने के बाद GRP ने प्रेमी को जेल भेज दिया। लेकिन अब तक कथित RPF इंस्पेक्टर का सुराग नहीं लगा पाई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here