स्वर्गीय लाला अमरनाथ स्मृति,60 वें दशहरा महोत्सव का भव्य आयोजन 24 अक्टूबर को

0
230

उज्जैन। उज्जैन में दशहरा महोत्सव के संकल्प का बीड़ा उठाने वाले स्व. लाला अमरनाथ की स्मृति को अक्षुण बनाने का पारम्परिक निर्वहन 60वें दशहरा महोत्सव के रूप में विशाल पैमाने पर किया जा रहा है। दशहरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष ओम अमरनाथ खत्री ने अनौपचारिक पत्रकार वार्ता में बताया कि स्वर्गीय लाला अमरनाथ की स्मृति में 60 वर्षों से निरन्तर यह आयोजन किया जा रहा है। प्राचीन काल से मनाये जाने वाले दशहरा महोत्सव के सिलसिले के रूकने पर समाजसेवी स्व. लाला अमरनाथ ने वर्ष 1963 से इस महोत्सव की अलख जगाई । तबसे निरन्तर इस आयोजन को सफलतापूर्वक मनाने की परम्परा निरन्तर चली आ रही है।

प्रतिवर्षानुसार निरन्तर आकर्षक रही आतिशबाजी के प्रमुख कलाकार देवास के रशीद खान, ग्वालियर के सीताराम एवं अन्य स्थानों के कलाकारों द्वारा विभिन्न गगनचुंभी आतिशबाजियों का प्रदर्शन किया जायेगा। वहीं रावण के आकर्षक निर्माण का कार्य उज्जैन के कलाकार नासिर शाह द्वारा किया जायेगा।

कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए आयोजन समिति के प्रमुख शिवा ओमप्रकाश खत्री ने बताया कि बुराई पर अच्छाई के प्रतीक 101 फुट ऊँचे रावण को विशेष शैली में निर्मित किया जायेगा। कार्यक्रम का शुभारम्भ नगर के जिलाधीश कुमार पुरुषोत्तम द्वारा किया जायेगा। परम्परागत आतिशबाजी का शुभारम्भ पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा करेंगे।

दशहरा महोत्सव में अतिथि के रूप में उज्जैन दक्षिण के भाजपा उम्मीदवार डॉ. मोहन यादव, उज्जैन दक्षिण के कांग्रेस प्रत्याशी चेतन यादव, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोहर बैरागी एवं आप पार्टी के विक्की यादव होंगे।

दशहरा महोत्सव समिति के समन्वयक डॉ. प्रकाश रघुवंशी ने कार्यक्रम की अन्य जानकारी के रूप में बताया कि आजादी के स्वर्ण जयंती महोत्सव के अवसर पर नगर के एकमात्र शेष 98 वर्षीय

‘स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री प्रेमनारायण नागर का अभिनन्दन किया जायेगा, जिन्होंने आजादी के आन्दोलन में न सिर्फ भाग लिया अपितु गाँधी, नेहरू, पटेल और डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के साथ दिल्ली में रहकर भारत विभाजन, देशी रियासतों के विलीनीकरण और आजादी मिलने की प्रक्रिया के सहभागी बनें ।

दशहरा महोत्सव समिति के सदस्य अशोक खत्री, मनीष शर्मा, कोमल खत्री, रोबिन चौपड़ा, सुरेन्द्रसिंह अरोरा, कुतुब फातेमी, विकास जायसवाल, रिंटु बग्गा, हरीशकुमार सिंह, संजय मोदी जैन एवं जनार्दन प्रसाद पाण्डे ने नगर के नागरिकों से इस भव्य आयोजन में उपस्थित होकर सफल बनाने की अपील की है। 24 अक्टूबर 2023, मंगलवार को सायंकाल 7 बजे से प्रारम्भ होने वाले दशहरा महोत्सव में ज्वलंत शर्मा समूह द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जायेगी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनामिका शर्मा द्वारा किया जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here