भोपाल में इंटरनेट मीडिया पर समस्याएं बताएंगे व्यवसायी, चेंबर ऑफ कॉमर्स की नई कार्यकारिणी कराएगी निराकरण

शहर के सबसे प्रमुख व्यापारिक संगठन भोपाल चेंबर आफ कामर्स एवं इंडस्ट्रीज की नई कार्यकारिणी ने काम शुरू कर दिया है। मंगलवार को चेंबर के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली ने पदभार ग्रहण किया।

इसके अलावा बुधवार को तीन उपाध्यक्ष, एक महामंत्री, दो मंत्री, कोषाध्यक्षा, सह-कोषाध्यक्ष सहित 15 कार्यकारिणी के सदस्यों ने भी कार्यभार संभाल लिया है। अब फिर से चेंबर की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली ने बताया कि कोरोना के कारण सीधे व्यवसायी साथियों से नहीं मिल रहे हैं। सभी से चेंबर की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए इंटरनेट मीडिया के जरिए सुझाव मांगने शुरू कर दिए हैं। शहर के व्यवसायी इंटरनेट मीडिया के जरिए समस्याएं भी बता सकते हैं। समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। शासन-प्र्रशासन के समक्ष नई कार्यकारिणी के सदस्य एकजुट होकर समस्याएं रखेंगे। बाजारों में पार्किंग, पानी, गंदगी सहित अन्य तरह की समस्याओं की सूची बनाई जाएगी। एक-एक करके समस्याओं का निराकरण कराएंगे। शासन-प्रशासन के अधिकारियों सहित संबंधित विभाग के मंत्रियों, क्षेत्रीय विधायकों को समस्याओं से अवगत कराने और उनका निराकरण कराने के लिए प्रयासरत रहेंगे।

चलाया जाएगा सदस्यता अभियान

अभी भोपाल चेंबर आफ कामर्स के कुल 3200 सदस्य हैं। गतिविधि शुल्क जमा नहीं होने से 1962 सदस्यों को ही आठ जनवरी को मतदान करने की अनुमति मिली थी। अब चेंबर की नई कार्यकारिणी बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान शुरू करेगी। शहर भर में चेंबर के 10 हजार तक सदस्य बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यकारिणी के तीन साल के कार्यकाल में बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, ताकि चेंबर को और मजबूत किया जा सके।

गतिविधि शुल्क लेंगे, जिससे बजट बढ़े

नई कार्यकारिणी जल्द ही सदस्यों से 600-600 रुपये गतिविधि शुल्क लेना शुरू करेगी। इससे चेंबर का बजट बढ़ सकेगा। अभी तक पुरानी कार्यकारिणी ने पुराने बजट का हिसाब नहीं दिया है। चेंबर के अध्यक्ष तेजकुल सिंह पाल सिंह पाली ने बताया कि सदस्य कोहेफिजा चेंबर के कार्यालय में तय गतिविधि शुल्क जमा कर सकते हैं। साथ ही जल्द आनलाइन शुल्क लेने की व्यवस्था सभी पदाधिकारियों व सदस्यों की सहमति से शुरू किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here