सागर जिले के खुरई में भाजपा- कांग्रेस आमने सामने, पुलिस ने भांजी लाठियां

तहसील परिसर में दोनों दलों के आमने-सामने आने पर बिगड़ी स्थिति, मौके पर पहुंचे मंत्री भूपेंद्र सिंह,

सागर-  खुरई में सेल्फी पाइंट पर हुई तोड़फोड़ को लेकर गुरुवार को भाजपा व कांग्रेस के आयोजन थे।

इन आयोजनों के दौरान भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और स्थिति बिगड़ गई। इसे संभालने के लिए पुलिस को भी बल प्रयोग करना पड़ा। इसमें कुछ लोगों को चोटें आई हैं। वहीं बल प्रयोग व भाजपा कार्यकर्ताओं को लाठियां लगने की खबर मिलने पर स्थानीय विधायक व नगरीय निकाय व आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे । उन्होंने इस मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर प्रकरण दर्ज करने की मांग को लेकर धरना देना शुरू कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक बीते राेज खुरई में बने सेल्फी पाइंट तोड़ने को लेकर भाजपा जहां तोड़फोड़ करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन करने गई थी। वहीं कांग्रेस इस मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे प्रकरण बनाए जाने को लेकर एकत्रित हुए थे। इसी दौरान दोनों तहसील कार्यालय में दोनों कार्यकर्ता सामने आ गए जहां विवाद हो गया।

भाजपा कार्यकर्ताओं के मुताबिक इस दौरान पुलिस ने लाठी भांजी। इससे कुछ पत्रकारों को भी चोटें आई हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और खुरई के पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे का कहना है कि पिछले दिनों सेल्फी पाइंट पर हुई तोडफोड़ को लेकर कांग्रेस के आठ कार्यकर्ताओं पर झूठे मामले दर्ज किए गए हैं। इसी के विरोध में नगर पालिका परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए थे। हम वहां शांति पूर्ण ढंग से प्रदर्शन का ज्ञापन सौंपने गए थे, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थिति को बिगाड़ा।

पुलिस के आश्वासन पर उठे मंत्री

भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चलाए जाने की सूचना के बाद मंत्री भूपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। वे कार्यकर्ताओं साथ कुछ देर तक धरने पर बैठे लेकिन पुलिस के आश्वासन पर उठ गए। इस दौरान कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस थाने लाई है।

यह है मामला

17 जनवरी को ऑफिसर कॉलोनी में एसडीएम बंगले के पास सेल्फी पाइंट को अज्ञात लोगों ने तोड़ दिया था। इसके अलावा सहोद्रा राय वार्ड में भी सेल्फी प्वाइंट को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जिसके बाद पुलिस ने आठ लोगों पर मामला दर्ज कर लिया था। उसी को लेकर जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि आठ लोगों को झूठे मामले में फंसाया गया है वहीं भाजपा आरोपितों की गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here