जेपी नड्डा – समाज में स्वीकार्यता बढ़ाएं मात्र वोट मांगने नहीं जाए

इंदौर-उज्जैन संभाग के दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कार्यकर्ता समाज में अपनी स्वीकार्यता बढ़ाएं। जनता से मात्र वोट मांगने नहीं जाएं

उनके दुख-सुख के सहभागी बनें। उनके संपर्क में रहें, तभी लोग आपसे भावनात्मक रूप से जुड़ेंगे। खुद का चरित्र ढांक कर नहीं रखें। जैसे आप भीतर हैं, वैसे आप बाहर दिखने की कोशिश करें।

नड्डा ने कहा कि मैं अक्सर लोगों से पूछता हूं कि वे अपनी खुद की पांच अच्छी बातें और पांच बुरी बातें बताएं, लेकिन ज्यादातर बताने से बचते हैं। यदि हम खुद को ठीक से नहीं पहचानेंगे तो लोगों से आत्मीयता से नहीं जुड़ पाएंगे। आप खुद के प्रति पारदर्शी रहेंगे, तभी समाज को कुछ दे पाएंगे। उन्होंने कहा कि जब वे उम्मीदवार के रूप में वोट मांगने जाते थे, जो लोग कहते थे कि हम संगठन की विचारधारा से तो प्रभावित हैं, लेकिन आपका व्यक्तित्व भी अच्छा है, इसलिए हम आपको चुनते हैं। हमें अपने व्यक्तित्व से भी संगठन को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।

‘मध्यप्रदेश संगठन की प्रयोगशाला’

प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी और बताया कि प्रदेश के 69 हजार बूथों पर बूथ विस्तारक योजना का काम शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश संगठन की प्रयोगशाला रहा है, यहां जो भी काम होते हैं, दूसरे प्रदेश उसका अनुसरण करते हैं। बूथ विस्तारक योजना को भी संगठन दूसरे प्रदेशों में लागू करेगा। शर्मा ने अगले माह संगठन के एक आयोजन में नड्डा को आमंत्रण दिया तो उन्होंने वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही। डेढ़ घंटे चली बैठक के बाद प्रदेश संगठन की कोर कमेटी की बैठक हुई।

इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश संगठन प्रभारी मुरलीधर राव से संगठन और सरकार की गतिविधियों को लेकर चर्चा की। बैठक में शामिल होने से पहले नड्डा प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत के निवास पर पहुंचे और उनकी माताजी के निधन पर शोक जताया।

300 से ज्यादा मंचों से किया स्वागत

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के स्वागत में भाजपा नेताओं ने कोई कसर बाकी नहीं रखी। भाजपा कार्यालय से एयरपोर्ट तक 300 से ज्यादा मंच लगाए गए थे। बैठक में शामिल होने के बाद नड्डा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे के साथ वाहन पर सवार होकर निकले। मधुमिलन चौराहा, रीगल तिराहा, डीआरपी लाइन पर उनका स्वागत हुआ। मरीमाता चौराहे पर गोलू शुक्ला ने आतिशबाजी कर उनका स्वागत किया। भाजपा के सह प्रवक्ता दीपक जैन टीनू ने नड्डा को विवेकानंद की प्रतिमा भेंट की। रामचंद्र नगर चौराहे पर निरंजनसिंह चौहान, सांवेर रोड पर पूर्व पार्षद चंदू शिंदे और लवकुश चौराहे पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर ने नड्डा की रैली का स्वागत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here