2 करोड़ आदिवासियों को साधेंगे शाह, 827 वन ग्राम को मिलेगा राजस्व ग्राम का दर्जा, गृहमंत्री आज 8 घंटे 10 मिनट शहर में रहेंगे

देश के गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को 8 घंटे 10 मिनट भोपाल में बिताएंगे। वे सुबह 10:30 बजे राजा भोज एयरपोर्ट पर उतरेंगे। शाह इस एक दिन के दौरे में तीन कार्यक्रम करेंगे। इसमें से दो कार्यक्रम सबसे अहम हैं। पहला- दोपहर 2:30 बजे जंबूरी मैदान में तेंदूपत्ता संग्राहकों का सम्मेलन और दूसरा- शाम 4:45 बजे लिंक रोड नंबर दो से भाजपा कार्यालय तक का दो किमी लंबा रोड शो।

दोनों कार्यक्रमों को 2023 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश की 2 करोड़ आबादी आदिवासी है और 230 विधानसभा सीटों में से 87 पर आदिवासी वोटर सबसे ज्यादा हैं। तेंदूपत्ता सम्मेलन में 35 लाख संग्राहकों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की जाएंगी।

इनमें सबसे प्रमुख घोषणा 827 वन ग्रामों को राजस्व ग्राम में बदलने की होगी। इसके अलावा तेंदूपत्ता संग्राहक और टिंबर, बांस के उत्पादन पर 122 करोड़ रु. के बोनस काे भी बांटेंगे। इस कार्यक्रम में एक लाख जनजातीय वर्ग मौजूद रहने की उम्मीद है। सम्मेलन में 7 केन्द्रीय मंत्री मौजूद रहेंगे। भोपाल के जंबूरी मैदान में आदिवासियों के लिए भाजपा का छह महीने में यह दूसरा मेगा इवेंट है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदिवासियों के सम्मेलन में पहुंचे थे।

जनजातीय वर्ग को ये सौगातें भी मिलेगी

  • प्रदेश में अभी तेंदूपत्ता संग्राहकों को 70 फीसदी बोनस मिलता है। नई घोषणा में पेसा अधिनियम के अनुसार तेंदूपत्ता विक्रय से होने वाले लाभ पर 75 प्रतिशत संग्राहक को, 10 प्रतिशत राशि संग्राहकों के सामाजिक-आर्थिक कल्याण के लिए, 10 फीसदी राशि वन क्षेत्रों में लघु वनोपज प्रजातियों के संरक्षण पर और 5 प्रतिशत ग्राम सभाओं को दी जाएगी।
  • वन विभाग अब राष्ट्रीय उद्यानों में पर्यटकों के प्रवेश से मिलने वाली राशि में से 33 फीसदी वन समितियों को देगी। समिति आवंटित क्षेत्र में ईको पर्यटन का कार्य कर सकेगी। इससे होने वाली आय वन समिति को मिलेगी।
  • प्रदेश के एक तिहाई गांव वन क्षेत्रों के अंदर या उसके आसपास बसे हैं। इनकी संख्या लगभग 15 हजार है, जिनकी आजीविका जंगल पर आधारित है। 5 हजार वन समितियों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए माइक्रो प्लान लाया जाएगा।
  • वन समितियों का गठन ग्राम सभा करेगी। समिति में महिलाएं जरूरी होगी। वनोपज में महुआ, तेंदूपत्ता, हर्रा, बहेड़ा, आंवला और चिरौंजी प्रमुख है। पेसा कानून की भावना के अनुरूप ग्राम सभाओं को लघु वनोपजों का पूरा अधिकार मिलेगा।

22 अप्रैल को भोपाल में रहेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित 7 केंद्रीय मंत्री

नरेंद्र सिंह तोमर, फग्गन सिंह कुलस्ते, ज्योतिरादित्य सिंधिया, एल मुरूगन, प्रहलाद सिंह पटेल, अजय कुमार मिश्रा और निशिथ प्रमाणिक।

शिवराज कल दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिलेंगे

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। पीएमओ से मुख्यमंत्री को शनिवार दोपहर का समय मुलाकात के लिए तय मिला है। मुख्यमंत्री शुक्रवार रात या शनिवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

6 महीने पहले जहां मोदी ने जनजातीय रैली की थी, वहीं आज शाह तेंदूपत्ता सम्मेलन में पहुंचेंगे

प्रदेश के 29 जिलों में 925 वन ग्राम हैं। वन (संरक्षण) अधिनियम 1980 के तहत केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्रालय को जनवरी 2002 और जनवरी 2004 में शासन ने इनमें से 827 वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में बदलने के लिए प्रस्ताव भेजे थे। इनमें से 310 गांवों को सैद्धांतिक सहमति मिल गई थी, लेकिन बाद में सुप्रीम कोर्ट से इस पर रोक लग गई। अब राज्य शासन ने सारी विसंगतियां दूर करने के बाद राजस्व ग्राम बनाने का फैसला लिया है। इससे ये गांव पंचायतों के अधीन आ जाएंगे।

20 मिनट के रोड शो में सारंग के 30, रामेश्वर के 24, कृष्णा के 18 मंचों से होगा स्वागत

रोड शो तुलसी टावर से शुरू होगा और कृष्ण प्रणामी मंदिर, 5 नंबर पेट्रोल पंप, नूतन कॉलेज, सुभाष स्कूल, सात नंबर स्टाप से होते हुए भाजपा कार्यालय तक पहुंचेगा। इस रास्ते में 125 स्वागत मंच बनाए गए हैं। इनमें विधायक विश्वास सारंग के 30, रामेश्वर शर्मा के 24 और कृष्णा गौर के 18 मंच बने हैं।

दक्षिण-पश्चिम विधानसभा की ओर से 16 मंच बनाए गए हैं। रोड शो करीब 20 मिनट का होगा। इससे पहले सुबह शाह कान्हासैया में 48वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस का शुभारंभ करेंगे। दोपहर 1:30 बजे वे सीएम हाउस में लंच करेंगे। शाम 6:15 बजे शाह लाल परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां से 6:35 बजे उनका हेलीकॉप्टर स्टेट हैंगर के लिए उड़ान भरेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here