28 में से 24 वार्डों पर BJP प्रत्याशी घोषित कांग्रेस से सांसद का चुनाव लड़ चुके गिरवाल को टिकट, 14 नंबर पर सबसे ज्यादा टेंशन

0
80

पंचायत चुनाव के लिए नामांकन की तारीख खत्म होते ही सोमवार देर रात भाजपा ने जिला पंचायत सदस्यों के लिए अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। जिले के 28 वार्ड में चुनाव होना हैं, जिसमें से पहली लिस्ट में 24 वार्डों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। बचे हुए चार वार्डों पर नामों को लेकर माथापच्ची जारी है। सबसे ज्यादा मशक्कत वार्ड नंबर 14 को लेकर आ रही है।

जारी लिस्ट में कांग्रेस छोड़कर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य के साथ भाजपा में आए नेताओं को भी मैदान में उतारा गया है। इसमें सबसे मुख्य नाम वार्ड नंबर एक से दिनेश गिरवाल का है। पिछली लोकसभा चुनाव में दिनेश गिरवाल कांग्रेस की ओर से सांसद प्रत्याशी थे। इसके बाद मप्र में हुए उपचुनाव के दौरान उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के साथ वे भाजपा में शामिल हो गए थे।

वार्ड – 4 के प्रत्याशी विक्रम पाटीदार भी कांग्रेस से ही भाजपा में आए हैं। साथ ही समंदर सिंह पटेल के खास समर्थक हेमसिंह पटेल की पत्नी को भी टिकट दिया गया है। समंदर ने स्वयं चुनाव नहीं लड़ते हुए दूसरे के लिए टिकट मांगा है। जारी हुई सूची में 24 में से तीन वार्डों में भाजपा ने कांग्रेस से आए नेताओं को चुनावी मैदान में उतारा है।

14 नंबर में आ रही दिक्कत

भाजपा की ओर से जारी हुई सूची में वार्ड नंबर 9, 11,12 व 14 नंबर पर अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इन वार्डों में भाजपा के ही दो से अधिक नेताओं ने फार्म जमा किए हैं। इसमें सबसे ज्यादा दिक्कत 14 नंबर वार्ड में आ रही है। क्योंकि यहां से पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कल्याण पटेल, मंडल अध्यक्ष बद्री पटेल, निर्भय सिंह पटेल सहित शैलेष कामरेड ने फार्म जमा किया हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here