उफनती नर्मदा में गिरी बस…कोई जिंदा नहीं बचा – MP में इंदौर के पास खलघाट में हादसा; ओवरटेक करते समय पुल से नीचे जा गिरी

मध्यप्रदेश के धार जिले के खलघाट में सोमवार सुबह महाराष्ट्र रोडवेज की बस नर्मदा नदी में जा गिरी। इसमें 40 यात्री सवार थे। अब तक 13 लोगों के शव बरामद हुए हैं। बाकी लोगों की तलाश की जा रही है। हादसा सुबह 10 और 10.15 बजे के बीच हुआ।

बताया जा रहा है कि खलघाट में टू-लेन पुल पर एक वाहन को ओवरटेक करते समय बस बेकाबू हो गई। ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और बस रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। बस इंदौर से महाराष्ट्र के अमलनेर जा रही थी। इंदौर से घटनास्थल की दूरी करीब 90 किमी है।

स्थानीय लोग आगे आए, शवों को निकाला

हादसे की जानकारी लगते ही खलघाट के स्थानीय लोगों ने सबसे पहले मदद की। जो फोटो और वीडियो सामने आए हैं, उनमें स्थानीय लोग शवों को खोजते दिखे। कुछ लोग अपनी नाव से शवों बाहर निकाल रहे थे। उधर, इंदौर और धार से NDRF की टीम मौके पर पहुंच गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए सहायता देने की घोषणा की है। घायलों को 50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की। महाराष्ट्र की बस होने की वजह से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को घटना की जानकारी दी।

हादसे में इन्होंने गंवाई जान

हादसे में जान गंवाने वाले 11 लोगों की पहचान हो गई है। तीन लोग राजस्थान, एक इंदौर (मध्यप्रदेश) और बाकी महाराष्ट्र से हैं। शवों को धामनोद (धार, मध्यप्रदेश) के सरकारी अस्पताल में रखा गया है।

  • चेतन पिता राम गोपाल जांगिड़, नांगल कला गोविंदगढ़ (जयपुर – राजस्थान)
  • जगन्नाथ (70) पुत्र हेमराज जोशी, मल्हारगढ़ (उदयपुर – राजस्थान)
  • प्रकाश (40) पुत्र श्रवण चौधरी, शारदा कॉलोनी अमलनेर (जलगांव – महाराष्ट्र)
  • नीबाजी (60) पुत्र आनंदा पाटिल, निवासी पीलोदा अमलनेरगां (जलगांव – महाराष्ट्र)
  • कमला बाई (55) पत्नी नीबाजी पाटिल, पिलोदा अमलनेर (जलगांव – महाराष्ट्र)
  • चंद्रकांत (45) पुत्र एकनाथ पाटील, अमलनेर (जलगांव – महाराष्ट्र)
  • अरवा (27) पत्नी मुर्तजा बोरा, मूर्तिजापुर (अकोला – महाराष्ट्र)
  • सैफुद्दीन पुत्र अब्बास, नूरानी नगर (इंदौर – मध्यप्रदेश )
  • राजू पुत्र तुलसीराम मोर, रावतभाटा (चित्तौड़गढ़ – राजस्थान)
  • अविनाश पुत्र संजय परदेसी, पाटन सराय अमलनेर (जलगांव – महाराष्ट्र)
  • विशाल (33) पुत्र सतीश बहरे, विर्देल (धुले महाराष्ट्र)

मुख्यमंत्री शिवराज और पूर्व CM कमलनाथ ने जताया दुख

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने हादसे पर दो बयान दिए। पहले उन्होंने 15 यात्रियों को जिंदा बाहर निकालने का दावा किया। हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद एम्बुलेंस के ड्राइवर ने बताया कि एक भी यात्री जीवित नहीं मिला है। इसके करीब दो घंटे बाद फिर गृहमंत्री ने बताया कि बस में 14 से 15 लोग ही सवार थे और किसी को भी बचाया नहीं जा सका। हालांकि, बस में कितने यात्री सवार थे? इसकी पुष्टि अब तक प्रशासन ने नहीं की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here