दिव्यांगजनों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए निकली तिरंगा यात्रा – यात्रा के बाद शुरू हुआ खेल महोत्सव

उज्जैन। शहर में रविवार को दिव्यांगजनों की तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह आयोजन दिव्यांग जनों के खेल महोत्सव प्रारंभ होने के पहले आयोजित किया गया था। तिरंगा यात्रा के दौरान सभी दिव्यांग व अन्य शामिल सदस्यों ने स्वच्छता का संदेश देकर नगर को साफ-सुथरा रखने की अपील भी की।

स्व. शंकरलाल माहेश्वरी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा रविवार को दिव्यांग तिरंगा यात्रा एवं खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। सुबह सामाजिक न्याय परिसर मैदान पर अन्य जिलों से आए दिव्यांग जन एकत्रित हुए। यहां से डीजे पर देशभक्ति गीतों की धुन के साथ तिरंगा यात्रा प्रारंभ हुई। इस दौरान हाथों में तिरंगा लिए शामिल हुए दिव्यांग जनों की हौंसला अफजाई करने शहर के जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी, गणमान्य जन के साथ ही अन्य खिलाड़ी साथ रहे। यात्रा के दौरान हाथों में पोस्टर बैनर लेकर स्वच्छता का संदेश भी दिया। ट्रस्ट अध्यक्ष सत्यनारायण माहेश्वरी ने बताया कि सुबह सामाजिक न्याय परिसर आगर रोड़ से दिव्यांग जनों की तिरंगा यात्रा प्रारंभ होकर क्षीरसागर, नई सड़क, दौलतगंज, मालीपुरा, देवासगेट, चामुण्डामाता चौराहा, टॉवर चौक, शहीद पार्क होते हुए दशहरा मैदान पर पहुंची। यहां पर दिव्यांग जन के लिए खेल महोत्सव के अंतर्गत क्रिकेट, कबड्डी, सायकल रेस, महिला एवं पुरुष रस्सा खींच प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के पश्चात विजेता प्रतियोगियों को पुरुस्कार वितरण किया गया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूर्व निगम सभापति सोनू गेहलोत,म.प्र. जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष विभाष उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। शहर के कई स्थानों पर दिव्यांग जनों का स्वागत किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here