कानपुर में डॉक्टर के मर्डर की 3 अहम वजह:पत्नी का सार्जेंट से अफेयर, जन्मदिन की पार्टी और हत्यारोपी का डर

0
122

कानपुर में डॉ. गौरव मर्डर केस में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मंगलवार देर रात बॉडी रिकवरी के बाद शुरू हुई जांच में सामने आया कि डॉक्टर की हत्या 3 वजह से हुई है। पहली- सार्जेंट का डॉक्टर की पत्नी से एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर होना। दूसरी- बर्थडे पार्टी में दोनों के अफेयर का गौरव को शक होना। तीसरी– हत्यारोपी सार्जेंट को डर था कि डॉक्टर उसका मर्डर कर सकता है।

चकेरी थाना प्रभारी रत्नेश सिंह की जांच में सामने आया कि उन्नाव आवास विकास में रहने वाले डॉ. गौरव प्रताप सिंह (42) यहां के नामी होम्योपैथिक डॉ. प्रबल प्रताप सिंह के इकलौते बेटे थे। डॉ. गौरव MDS थे। उन्नाव में उनकी प्रैक्टिस बहुत अच्छी थी।

डॉक्टर ने विवाद के चलते 2019 में पहली पत्नी को तलाक दे दिया था। इसके बाद नौबस्ता राजीव विहार में रहने वाली प्रियंका सिंह से दूसरी शादी कर ली थी। दोनों के 3 साल बेटा रुद्राक्ष प्रताप सिंह है। मृतक गौरव के दोस्त सर्वेश, अतुल, अनिल और विक्रांत के साथ ही अन्य ने पूछताछ में बताया कि सिविल लाइन्स में रहने वाला एयरफोर्स में सार्जेंट मुदित श्रीवास्तव गौरव का दोस्त नहीं था।

बल्कि वह गौरव के दोस्त अनिल का दोस्त था। अनिल के साथ गौरव के घर आने-जाने के दौरान मुदित, डॉ. गौरव और उनकी पत्नी प्रियंका की गहरी दोस्ती हो गई थी। गौरव इकलौता था, तो मुदित उसे अपना बड़ा भाई मानने की बात कहता रहता था। घर के भीतर तगड़ी पैठ बना ली थी। इसी का फायदा उठाकर सार्जेंट और गौरव की पत्नी प्रियंका के संबंध हो गए थे।

जन्मदिन की पार्टी से शक गहराया और फिर 10 दिन में हत्या

डॉक्टर गौरव प्रताप सिंह का 5 मार्च को जन्मदिन था। गौरव के जन्मदिन पर ही एक छोटी पार्टी रखी गई थी। इसमें गौरव का सार्जेंट दोस्त मुदित श्रीवास्तव भी शामिल हुआ था। घर में उठने-बैठने के दौरान प्रियंका और मुदित की नजदीकी को देख लिया था। जन्म दिन की पार्टी से ही गौरव के मन में शक गहरा गया था। इस बात को लेकर प्रियंका और गौरव का झगड़ा भी हुआ था। इसके बाद से लगातार गौरव और मुदित जब भी मिलते तो गौरव तनाव भरी बात करता और झल्लाता था। इससे मुदित को पता चल गया कि डॉक्टर को सब पता चल गया है। झगड़े के चलते ही गौरव ने पत्नी को मायके में छोड़ा और फिर मुदित के पास शराब पीने के बहाने आकाश गंगा विहार कॉलोनी एयरफोर्स कैंपस चकेरी पहुंच गया था।

मुदित के घर में गौरव ने उठाया था चाकू

दोनों ने उस रात खूब शराब पी। इस दौरान गौरव किसी काम से रसोई में गया था। मुदित ने बताया कि गौरव ने रसोई से चाकू उठाया था, लेकिन उसे देखते ही रख दिया। इसके चलते उसे शक हो गया कि अब उसकी हत्या कर सकता है। इस वजह से वह गौरव को शराब पिलाने के बहाने कार से चकेरी के एक ठेके पर पहुंचे और मुदित ने जानबूझकर गौरव को और शराब पिला दी।

इसके बाद शाम ढलते की कार लेकर महाराजपुर हाईवे के पास पहुंचा। टॉयलेट करने के बहाने मुदित गाड़ी से नीचे उतरा और गौरव को भी खींच लिया। इसके बाद सर्विस लेन पर उसे खींचकर पत्थर से सिर कूचकर हत्या कर दी। वहीं गड्‌ढें में शव फेंक कर भाग निकला।

दोस्त को तलाशते हुए चकेरी थाने पहुंचा था सार्जेंट
चकेरी थाना प्रभारी ने बताया कि मुदित ने हत्याकांड के बाद किसी को भी कुछ नहीं बताया और सीधे अपने एयरफोर्स कैंपस स्थित घर पहुंच गया। उधर डॉ. गौरव का फोन स्विच ऑफ होने के चलते प्रियंका ने चकेरी थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। इस दौरान मुदित भी डॉक्टर को तलाशते हुए चकेरी थाने पहुंचा था।

कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने भले ही हत्याकांड के पीछे पत्नी से सार्जेंट मुदित के अवैध संबंधों की बात कही है। लेकिन पोस्टमॉर्टम हाउस में पत्नी बार-बार यही चीख-चीख कर कहती रही कि मुदित ने गौरव से करीब 15 लाख रुपए कई बार में लिए थे। इतना ही नहीं, गौरव ने अपनी कार भी सेना की कैंटीन से ली थी। डेढ़ लाख की छूट का फायदा लेने के चलते गौरव ने मुदित के नाम पर क्रेटा कार खरीदी थी। यह सब हड़पने के लिए मुदित ने अपने दोस्त गौरव का मर्डर किया है।

सार्जेंट को जेल भेजा, पत्नी की हत्याकांड में भूमिका नहीं
DCP सेंट्रल रवींद्र कुमार ने बताया कि दोस्त गौरव की हत्या करने वाले सिविल लाइन्स उन्नाव के सार्जेंट मुदित श्रीवास्तव को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं, पत्नी का हत्याकांड में कोई भी संलिप्तता अभी तक नहीं पाई गई है। हत्याकांड की जांच चल रही है। अगर जांच के दौरान उनके खिलाफ कोई साक्ष्य मिला तब कार्रवाई होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here