यमुनानगर में आए दल ने कहा- वाकई, इंदौर में सफाई के प्रति अलग ही जुनून है

नगर में प्रसंस्करण से पहले भी कचरे को जैसे अलग-अलग किया जाता है और कचरा ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचाया जाता है, इसकी तो हम कल्पना भी नहीं कर सकते।

इंदौर में स्वच्छता के क्षेत्र में काफी अच्छा कार्य हो रहा है। ये बातें हरियाणा के यमुना नगर से इंदौर आए दल के सदस्यों ने कहीं। घर-घर संग्रहण करने वाले कचरा वाहन को उन्होंने बुधवार को स्टार चौराहे पर रोककर देखा तो उसमें उन्हें छह तरह का कचरा अलग-अलग मिला। यह उन्होंने कहा कि वाकई में इंदौर में सफाई के प्रति अलग ही जुनून है।

मेहमान दल के सदस्यों ने जोन स्तर पर कर्मचारियों के बीट चार्ट को बेहतर बताया और इसे यमुना नगर में लागू करने की बात कही। दल के सदस्यों ने जोन 7 में घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था को देखा। उन्होंने आश्चर्य जताया कि इंदौरवासी अपने घरों से अलग-अलग डस्टबिन में संग्रहित कचरे को निगम के वाहन में डाल रहे हैं। इस कार्य में वाहन चालक के साथ सहायक भी उनकी मदद कर रहे हैं। इसके बाद दल के सदस्य मेघदूत उद्यान का अवलोकन करने पहुंचे। यहां उन्होंने देखा कि किस तरह जल-मल को उपचारित कर उद्यान में सिंचाई करने और फव्वारे में उपयोग किया जा रहा है। इसके बाद यह दल स्टार चौराहा स्थित गारबेज कचरा ट्रांसफर स्टेशन देखने पहुंचा। उन्हें बताया गया कि यहां घर-घर कचरा संग्रहण के बाद आने वाले कचरे को बड़े वाहनों के माध्यम से ट्रेंचिंग ग्राउंड तक पहुंचाया जाता है।

रहवासी भी अपने घरों में गीले कचरे से तैयार करते हैं खाद – दल के सदस्यों ने पालिका प्लाजा स्थित निगम का कंट्रोल कमांड सेंटर भी देखा। इसके बाद दल के सदस्य सैफी नगर में जीरो वेस्ट वार्ड को देखने पहुंचे। सदस्यों को बताया गया कि इस वार्ड में रहवासी अपने घरों के गीले कचरे से खाद तैयार करते हैं और सूखे कचरे को एकत्र कर निगम द्वारा निर्धारित कबाड़ी को दे देते हैं। इस तरह इस वार्ड से कचरा नहीं निकलता, इसलिए इसे जीरो वेस्ट वार्ड कहा जाता है। दल के सदस्यों ने देवगुराड़िया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में सूखे कचरे के प्रसंस्करण संयंत्र, बायो सीएनजी संयंत्र, मलबे व घरेलू निर्माण के सीएंडडी वेस्ट प्लांट को भी देखा। यमुना नगर से आए दल में निगम के महापौर मदनलाल चौहान व निगमायुक्त अजय सिंह तोमर सहित दल में 14 सदस्य शामिल हैं। दल के सदस्यों ने बुधवार को कलेक्टर मनीष सिंह से मुलाकात की। सिंह ने 2015 से अब तक इंदौर में सफाई कार्य में किए गए बदलावों की जानकारी भी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here