उज्जैन स्मार्ट सिटी:- स्मार्ट सिटी सीईओ पाठक ने पदभार संभाला, महाकाल क्षेत्र के काम देखे

स्मार्ट सिटी के नए सीईओ आशीष कुमार पाठक ने अपना पदभार संभाल लिया। इसके बाद उन्होंने शुक्रवार को महाकाल क्षेत्र में चल रहे स्मार्ट सिटी के कामों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने जानकारी ली कि 15 फरवरी तक कौन से काम पूरे हो जाएंगे। राज्य शासन ने पाठक को चार दिन पहले उज्जैन स्मार्ट सिटी कंपनी का नया सीईओ नियुक्त किया।

पाठक गुरुवार शाम उज्जैन पहुंच कर महाकालेश्वर के दर्शन करने के बाद कोठी रोड स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय में पदभार लिया। इसके बाद शुक्रवार सुबह वे स्मार्ट सिटी के इंजीनियर्स व अन्य अधिकारियों के साथ महाकाल मंदिर के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन करने पहुंचे।

पाठक ने प्रोजेक्ट की जानकारी ली तथा हर निर्माण कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि 15 फरवरी तक कौन से काम पूरे हो जाएंगे। अधिकारियों ने महाकाल कॉरिडोर के काम पूरे होने की जानकारी दी। पाठक ने पूरे महाकाल-रुद्रसागर विकास योजना की जानकारी ली।

दोपहर बाद वे फिर स्मार्ट सिटी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों, इंजीनियर्स और स्टाफ से परिचय लिया। उन्होंने स्मार्ट सिटी के कामकाज पर चर्चा की। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री 1 मार्च को महाशिवरात्रि के दिन महाकाल क्षेत्र के निर्माण कार्यों का लोकार्पण करना चाहते हैं। इसे लेकर तैयारी की जा रही है। सीएम के ओएसडी आनंद शर्मा भी इन कामों का मौके पर अवलोकन कर चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here