एक पौधे के विशाल वटवृक्ष बनने पर मिलकर मनाया उत्सव

पश्चिम मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन जबलपुर मंडल द्वारा संचालित डब्लूएसईसी, केजी हाई स्कूल के स्वर्ण जयंती और आशादीप के रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया।

जहां मुख्य अतिथि पश्चिम मध्य रेलवे महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता, विशिष्ट अतिथि पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष संध्या गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक संजय विश्वास, पमरे महिला कल्याण संगठन जबलपुर डिवीजन की अध्यक्ष अशोका विश्वास मौजूद रहे। अतिथियों ने वार्षिक पत्रिका का विमोचन किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि संध्या गुप्ता ने स्कूल की विज्ञान प्रदर्शनी, बच्चों के नृत्य और स्कूल के 50 वर्ष होने के साथ ही निशक्तों की सेवा में समर्पित आशादीप संस्था के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्कूल या संस्था को प्रारंभ करना आसान होता है लेकिन प्रारंभ करने के बाद उसको सफलता पूर्वक संचालित करना सबसे बड़ी बात है। महिला संगठन ने एक छोटे से पौधे को एक विशाल वट वृक्ष में परिवर्तित कर दिया है। जिसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में विभिन्न क्षेत्रों में शाला को गौरवान्वित करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सुधीर कुमार गुप्ता ने अपने उद्बोधन में छात्र-छात्राओं द्वारा कला व विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से कोविड-19 संबंधी जानकारी, पोषक तत्व, पर्यावरण सुरक्षा, संबंधी माडल और आजादी का अमृत महोत्सव के तहत स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा दांडी मार्च के माध्यम से राष्ट्रीय आंदोलनों की झांकी प्रस्तुत किए जाने की प्रशंसा की। स्कूल प्राचार्या अवस्थी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन जबलपुर मंडल की सचिव ललिता दिवाकर द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में महिला कल्याण संगठन जबलपुर डिवीज़न द्वारा कोविड 19 के समय पदाधिकारियों द्वारा जरूरतमंदों की मदद के बारे में बताया गया। रश्मि दिवाकर ने बताया कि महाप्रबंधक द्वारा संस्था द्वारा किए गए सराहनीय कार्य के लिए 25 हजार रुपये के पुरस्कार देने की घोषणा की। संचालन आशा मालवीय व फराह खान ने और आभार किरण राज ने दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here