जबलपुर एयरपोर्ट के रनवे पर फिसला विमान :- लैंड करते समय रनवे किनारे मिट्‌टी में धंसा टायर, रविवार दोपहर तक कैंसिल रहेंगी सभी फ्लाइट

जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। दोपहर करीब 1:15 बजे एयर इंडिया की दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट 9आई617 लैंड करते समय रनवे पर फिसल गई। इससे विमान का एक टायर रनवे किनारे मिट्‌टी में धंस गया। विमान में 55 यात्री व पायलट और 7 क्रू-मेम्बर समेत 62 लोग सवार थे। हादसे से सभी लोगों की जान हलक में आ गई। हालांकि सभी सुरक्षित हैं। विमान में सवार यात्रियों के मुताबिक जोरदार झटके साथ विमान रूका। हादसे के चलते शनिवार को सभी नौ फ्लाइट कैंसिल कर दी गईं। उधर, DGCA ने पांच बिंदुओं पर हादसे की जांच करने के आदेश दिए हैं।

हादसे की खबर मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। सभी यात्रियों को विमान से जल्दी से उतार कर लाउंज पहुंचाया गया। ये फ्लाइट दिल्ली से जबलपुर आने के बाद वापसी में दिल्ली जाती। सभी यात्रियों को जबलपुर ही उतरना था। घटना के बाद मौके पर एएसपी संजय अग्रवाल, खमरिया पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए, जबकि यात्रियों के चेहरे पर दहशत दिखाई दी। डुमना एयरपोर्ट की डायरेक्टर कुसुम दास के मुताबिक रविवार दोपहर तक फ्लाइट कैंसिल रहेंगी। सुबह DGCA की टीम जांच करने आएगी। इसके बाद विमान को घटनास्थल से हटाया जाएगा।

एयरपोर्ट को सील किया गया

विमान हादसे के चलते और सभी फ्लाइट कैंसिल होने के बाद एयरपोर्ट और घटनास्थल को सील कर दिया गया। किसी को भी अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से अधिकृत जानकारी नहीं दी जा रही। ASP संजय अग्रवाल ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।

पुराने रनवे पर हुआ हादसा

डुमना एयरपोर्ट पर नया रनवे भी तैयार हो गया है। अभी उसे चालू नहीं किया गया है। अभी सभी फ्लाइट पुराने रनवे पर ही लैंड हो रही हैं। विमान का एक टायर रनवे पर उतरते समय नीचे चला गया। रनवे किनारे की मिट्‌टी को भुरभुरी छोड़ी जाती है, जिससे इस तरह के हादसे में विमान का पहिया मिट्‌टी में धंस जाए और विमान वहीं रुक जाए।

रनवे पर दूर तक टायर की रगड़ के निशान पड़े हैं। आशंका व्यक्त की जा रही है कि शायद फ्लाइट का एक पहिया या तो फट गया होगा या जाम हो गया होगा। इसी कारण प्लेन की पूरी दिशा ही बदल गई। अभी दोनों पहिए मिट्‌टी में धंसे हुए हैं। इस कारण असल वजह का पता नहीं चल पा रहा है।

कॉकपिट क्रू को डी-रोस्टर किया गया

एलायंस एयर के प्रवक्ता ने कहा कि विमान ने रनवे से 10 मीटर दूर शूट किया। सभी यात्री सुरक्षित हैं। फ्लाइट 9आई617 ने दिल्ली से सुबह 11:32 बजे उड़ान भरी थी। नागर विमानन महानिदेशालय के अफसर दुर्घटना की जांच के लिए मौके पर पहुंचेंगे। हालांकि हम तय नियमों का पालन करते हैं। सख्त जांच करते हैं। हमने घटना पर सख्ती से संज्ञान लिया है। कॉकपिट क्रू को डी-रोस्टर कर दिया गया है। जांच निष्कर्षों को नियामक अधिकारियों के साथ साझा किया जाएगा। सुनिश्चित करेंगे कि भविष्य में इस तरह की गड़बड़ी न हो।

 हादसे की जांच शुरू

विमान के ब्रेक सही से काम कर रहे थे या नहीं? ब्रेकिंग सिस्टम की जांच, विमान के उड़ान भरने से पहले हुई थी या नहीं?

शनिवार की सभी नौ फ्लाइट कैंसिल हुईं

जबलपुर से जाने वाली

  • शाम 18.60 बजे दिल्ली एई 2073
  • रात 7.45 बजे दिल्ली एसजी 3006
  • रात 7.55 बजे मुम्बई 6ई-6974
  • रात 8.25 बजे बैंगलुरु एसजी 3024
  • रात 8.30 बजे इंदौर 6ई 7315

जबलपुर आने वाली

  • शाम 5.50 बजे दिल्ली 6ई 2071
  • शाम 7.25 बजे मुम्बई 6ई 6973
  • रात 4.30 बजे पुणे एसजी 3012
  • रात 8.10 बजे हैदराबाद एसई 7307

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here