सागर में जनपद सदस्य के लिए 200 तो प्रधान बनने 831 महिलाओं ने की दावेदारी

0
95

सागर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की चुनावी चौसर बिछने लगी है। इस बार पंचायत चुनाव में महिलाओं ने भी ताल ठोकी है। जिले के हर विकासखंड में महिलाएं अपनी दावेदारी पेश करने में पुरुषों से पीछे नजर नहीं आ रही हैं। पंचायत चुनाव के लिए जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच और पंच के लिए नामांकन फार्म जमा करने की प्रक्रिया चल रही है। सागर में शनिवार को पुरुषों के बराबर में महिलाओं ने दावेदारी रखते हुए नामांकन फार्म जमा किए हैं। इसमें कुछ लोग वार्ड और सीट के आरक्षण के बाद अपने-अपने गणित बिठाने में लगे हैं, तो कुछ ने महिलाओं को आगे करके अपनी दावेदारी पेश की है।

शनिवार को सागर जिले में अलग-अलग पदों के लिए 3235 दावेदारों ने अपने नामांकन फार्म जमा किए हैं। जिसमें 1628 दावेदार महिलाएं हैं। इसमें सबसे ज्यादा गांव का प्रधान बनने के लिए 831 महिला दावेदार मैदान में उतरी हैं। उन्होंने नामांकन जमा कर अपनी दावेदारी पेश कर दी है। खास बात यह है कि जनपद पंचायत सदस्य के लिए 238 वार्डों में जहां पुरुषों की ओर से 188 दावेदारों ने नामांकन जमा किए हैं। वहीं महिला की ओर से 200 दावेदार सामने आए हैं।

इसी तरह सरपंची के लिए 810 पुरुषों ने नामांकन जमा किए। जबकि महिलाओं की ओर से 831 महिलाओं ने गांव की सरकार चलाने के लिए हुंकार भरी है। कुल मिलाकर इस बार पंचायत चुनाव में महिलाओं का दबदबा रहने वाला है। वे पुरुष दावेदारों को कांटे की टक्कर देंगी।
सरपंची के लिए सबसे ज्यादा राहतगढ़ से 112 महिला दावेदार
पंचायत चुनाव में जिले की लगभग सभी पंचायतों में महिला दावेदार सामने आ रही हैं। जिला पंचायत सदस्य से लेकर जनपद और पंच के लिए दावेदारी करने में महिलाएं पीछे नहीं हैं। शनिवार को सागर जिले के राहतगढ़ विकासखंड से सबसे ज्यादा 112 महिलाओं ने सरपंची पद के लिए दावेदारी कर नामांकन जमा किया है। वहीं पंच के लिए 74 महिलाएं सामने आई हैं। इसी तरह जिला पंचायत सदस्य के लिए 36 महिलाओं ने दावेदारी पेश कर दी है। पंचायत चुनाव में महिलाओं की एंट्री के बाद चुनाव रोचक होने वाले हैं।
जिले में अब तक 4899 नामांकन फार्म हुए जमा
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चलते सागर जिले में शनिवार को जिला पंचायत सदस्य के लिए 76, जनपद पंचायत सदस्य के लिए 388, सरपंच के लिए 1641 और पंच के लिए 1130 नाम निर्देशन फार्म जमा हुए हैं। जिले में अब तक अलग-अलग पदों के लिए 4899 नामांकन जमा हो चुके हैं। जिसमें सबसे ज्यादा नामांकन राहतगढ़ ब्लाक से सरपंची के लिए 448 और रहली जनपद से 406 नामांकन जमा किए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here