भारत जोड़ो यात्रा की झलकियां, बच्चों से बतियाए राहुल गांधी, ढाबे पर ली चाय की चुस्कियां

0
80

जयपुर। भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान चरण के पहले दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यात्रा में शामिल बच्चों से बात की और रास्ते में एक ढाबे पर चाय की चुस्कियां ली। यात्रा का सोमवार को 89वां दिन था।

इसकी शुरुआत राजस्थान-मध्य प्रदेश सीमा पर स्थित ग्रामीण क्षेत्र झालरापाटन के काली तलाई से हुई। राहुल गांधी ने सुबह 6.10 बजे यात्रा शुरू की। उस समय तापमान 13 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन वे आधी बाजू की टी-शर्ट और स्पोर्ट्स शूज के साथ ट्राउजर (पायजामा) पहनकर आराम से चल रहे थे, जबकि अन्य नेता और कार्यकर्ता जैकेट में नजर आए।

गांधी के साथ आने वाले अन्य प्रमुख नेताओं में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा, वरिष्ठ नेता भंवर जितेंद्र सिंह और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास शामिल थे। यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने लगभग आधा दर्जन बच्चों के से बातचीत की और यात्रा में भाग लेने वाले लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उन्होंने एक ढाबे पर सुबह की चाय पी।

संपादक-मालिक दबाव में: सीएम

सीएम गहलोत ने सोमवार को मुख्यधारा की मीडिया से नाराजगी दिखाते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रीय मीडिया ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का बहिष्कार किया है क्योंकि संपादक और मालिक दबाव में हैं। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मीडिया लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपना कर्तव्य निभाने में पूरी तरह से विफल रहा है और इतिहास उसे माफ नहीं करेगा। गहलोत ने कहा कि मेरा विशेष रूप से राष्ट्रीय मीडिया पर आरोप है कि उसने यात्रा का बहिष्कार कर रखा है।

यात्रियों से हाल-चाल पूछते नजर आए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यात्रा में शामिल होने आए अन्य यात्रियों से मिलकर उनका हाल-चाल पूछा और भोजन, रात्रि विश्राम एवं ठहरने सहित तमाम व्यवस्थाओ के बारे में जानकारी ली। वहीं कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डोटासरा ने ट्वीट किया कि भारत को प्रेम, सद्भाव और एकता के सूत्र में बांधने के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में चला ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का कारवां अब राजस्थान में इतिहास बनाने निकल पड़ा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री पायलट ने भी यात्रा की तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि युवाओ की उम्मीदों और आशाओं को पूरा करने के संकल्प के साथ आज एक नई सुबह में भारत जोड़ो यात्रा चल पड़ी है। युवा भारत के सपनों को पूरा करने की एक नई दिशा की ओर बढ़ते कदम।

धीमी न चाल हो, राजस्थान में कुछ ऐसा कमाल हो

कांग्रेस ने यात्रा शुरू होने पर ट्वीट किया कि कदमों की धीमी न चाल हो, राजस्थान में कु छ ऐसा कमाल हो। पार्टी ने लिखा कि भारत जोड़ो यात्रा शौर्य की माटी को प्रणाम कर चुकी है और इतिहास की भूमि राजस्थान एक बार फिर इतिहास रचेगी। इस यात्रा ने रविवार शाम मध्य प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश किया। सोमवार सुबह यात्रा झालावाड़ के झालरापाटन में काली तलाई से शुरू हुई। यात्रा में राहुल गांधी के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, कई मंत्री एवं विधायक भी चले। यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

WhatsApp Group और Telegram Channel ज्वाइन करें और Facebook को like  करें।

भविष्य दर्पण समाचार के डिजिटल प्लेटफॉर्म bhavishydarpannews.Com के संवाददाता बनने के लिए संपर्क करें 95891-77176

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here