महिदपुररोड/नगर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। आए दिन कहीं न कहीं चोर वारदात को अंजाम देकर पुलिस की चुनौती बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में बीती रात महिदपुर स्थित हिंदुस्तानी मोटर रिवाइंडिंग की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया।
जानकारी के अनुसार दुकान संचालक अयूब मंसूरी ने बताया कि सुबह जब वह अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर दुकान की छत पर लगी चादर तोड़कर अंदर घुसे थे। चोर दुकान में रखे ग्राहकों के कुछ सामान, औजार एवं अन्य सामग्री चोरी कर ले गए। दुकान संचालक के अनुसार इस चोरी से लगभग 25 से 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
गौरतलब है कि 5 माह पूर्व में सात दुकानों में चोरी की वारदात हो चुकी है, जिनका आज तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
महिदपुर रोड नगरवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।