“घोंसला से खेड़ा खजुरिया तक गूंजा तिरंगे का जयघोष, महिदपुर ग्रामीण बना देशभक्ति का केंद्र”


  • ‘राष्ट्र गौरव तिरंगा यात्रा’ में उमड़ा जनसैलाब, हाथों में तिरंगा लिए निकले लोग
  • श्याम टेलर के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, पूरे क्षेत्र में देशप्रेम की लहर

उज्जैन। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जन-आंदोलन का रूप देने के संकल्प के साथ भाजपा जिला उज्जैन ग्रामीण के महिदपुर ग्रामीण मंडल में मंगलवार को ‘राष्ट्र गौरव तिरंगा यात्रा’ ने पूरे क्षेत्र में देशप्रेम की लहर दौड़ा दी। प्रातः 11 बजे माँ भारती के चित्र पर माल्यापर्ण कर व शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर कृषि उपज मंडी ग्राम घोंसला से प्रारंभ हुई यह यात्रा हाथों में लहराते तिरंगों, गगनभेदी नारों और देशभक्ति गीतों के साथ गांव-गांव से होती हुई ग्राम खेड़ा खजुरिया में राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत किया। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “वीर शहीदों का बलिदान याद रखेगा हिंदुस्तान” के नारे गूंजते रहे।

 

इस ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने विशेष रूप से उपस्थित होकर यात्रा का नेतृत्व किया। उनके साथ भाजपा जिला उज्जैन ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी शोभित शर्मा ,मोर्चा प्रदेश कार्यालय मंत्री अमन रॉय एवं प्रदेश उपाध्यक्ष तथा यात्रा प्रभारी अनिल वर्मा, पूर्व विधायक बहादुर सिंह चौहान, एवं शहीदों के परिवारजनों ने भी कंधे से कंधा मिलाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद देश जिस मोड़ पर खड़ा है, वहां युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। 2047 का विकसित भारत युवाओं के सपनों, संकल्प और परिश्रम से ही साकार होगा। आज महिदपुर की सड़कों पर जो जनसैलाब उमड़ा है वह इस बात का प्रमाण है कि देश का युवा अब केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रहित के लिए सड़क पर उतरकर अपनी जिम्मेदारी निभाने को तैयार है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि नशे, आलस्य और दुष्प्रचार से दूर रहकर शिक्षा, कौशल और सेवा को अपना धर्म बनाएं। हमें जाति, धर्म और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर एक भारत श्रेष्ठ भारत के मंत्र के साथ काम करना होगा। याद रखिए, जिस दिन देश का युवा जाग गया उस दिन दुनिया की कोई ताकत भारत को विकसित राष्ट्र बनने से नहीं रोक सकती।

इसके पश्चात भाजपा जिला उज्जैन ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के मार्गदर्शन में चल रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज हर भारतीय के मन में राष्ट्रीय एकता का भाव भर रहा है। तिरंगा हमारी पहचान है और इसे घर-घर तक पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि महिदपुर ग्रामीण की यह यात्रा जिले भर में देशभक्ति की नई अलख जगाने में सफल रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, दुकान और संस्थान पर तिरंगा फहराकर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं।

पूर्व क्षेत्रीय विधायक बहादुर सिंह चौहान ने कहा कि आजादी हमें सहज नहीं मिली। देश के वीर सपूतों ने अपनी जान देकर इस तिरंगे की शान बढ़ाई है। उनके बलिदान को भुलाना कृतघ्नता होगी, इसलिए हमें विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना होगा।

यात्रा प्रभारी एवं भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल वर्मा ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं बल्कि जन-जन में राष्ट्रभक्ति जगाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान ने यह सिद्ध कर दिया है कि देश की जनता अपने तिरंगे से कितना प्रेम करती है। हम सभी को मिलकर 15 अगस्त तक अपने घर-घर में तिरंगा फहराकर प्रधानमंत्री जी के इस अभियान को सफल बनाना है।

महिदपुर ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष किशोर शर्मा ने उपस्थित सभी जनमानस का आभार प्रकट करते हुए कहा कि हमारा सौभाग्य है हर घर तिरंगा अभियान का प्रारंभ जिले में महिदपुर ग्रामीण मण्डल से किया गया।

जिला मीडिया प्रभारी गजेन्द्र परमार ने जानकारी दी कि 10 अगस्त से 15 अगस्त तक जिले के प्रत्येक मंडल में इसी प्रकार तिरंगा यात्राएं आयोजित की जा रही हैं। यात्रा के समापन पर सभी ने एक स्वर में राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया। महिदपुर ग्रामीण की यह तिरंगा यात्रा निश्चित रूप से क्षेत्र में देशभक्ति की प्रेरणा बनकर याद की जाएगी।

यात्रा में मुख्यरूप से अभियान के जिला संयोजक राकेश यादव, सह संयोजक महिपाल सिंह उमठ, निरंजन मेहता, गजेंद्र सिंह राजावत तथा किशोर मेहता, पदम सिंह पटेल, कृष्णा सूर्यवंशी, शिवनारायण सूर्यवंशी, सुमेरसिंह कालूहेड़ा,पंकज यादव,उमा पाण्डे, गुरुचरण सिंह,श्याम सिंह सहित जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में जनमानस ने सहभागिता की।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles