राहुल गांधी के सच्चे भारतीय होने पर संदेह’ कर्नाटक में बोले CM शिवराज; कांग्रेस का पलटवार- पहले अपना DNA टेस्ट कराएं

0
124

कर्नाटक में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी के सच्चे भारतीय होने पर संदेह जताया। इस पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने मुख्यमंत्री से कहा कि वे अपना और राहुल गांधी का डीएनए करा लें। गांधी परिवार ने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी है, जबकि इनके परिवार में किसी ने नाखून भी नहीं कटाया होगा।

सीएम शिवराज गुरुवार को कर्नाटक में विजयनगर में भाजपा की विजय संकल्प यात्रा में शामिल हुए। यहां उन्होंने रोड शो भी किया। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी को लेकर कहा कि कोई भी सच्चा देश भक्त अपने देश के बारे में विदेश जाकर अनर्गल प्रलाप नहीं कर सकता। बाहर जाकर भारत की आलोचना करना, सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगना, सेना के मनोबल को गिराना, चीन की भाषा बोलना क्या यह सच्चे भारतीय के लक्षण हैं। यहां भारत जोड़ो यात्रा का ढोंग कर रहे, टुकड़े-टुकड़े गैंग यात्रा में साथ निकली, राहुल विदेश जाकर देश की आलोचनाएं कर रहे हैं। मुझे तो आपके सच्चे भारतीय होने पर भी संदेह है।

सज्जन बोले- अपना डीएनए टेस्ट करा लें शिवराज

पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कहा, खुद के प्रदेश में शिवराज की चल नहीं रही। एसपी, कलेक्टर सुन नहीं रहे। 25 हजार घोषणाएं कर दीं, अधिकारी पूरा करने को तैयार नहीं हैं। अपनी कलाकारी दिखाने कर्नाटक गए। राहुल गांधी पर इस तरह का सवाल उठाने से पहले अपने परिवार पर और राहुल गांधी के परिवार को देख लो। राहुल गांधी उस परिवार का व्यक्ति है, जिसने आजादी की लड़ाई लड़ी और आजादी के आंदोलन के बाद उनकी दादी की हत्या हो जाती है। पिता की हत्या भी। देश की एकता और अखंडता के लिए जिस परिवार ने अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया। उस परिवार पर प्रश्न उठाने से पहले सोचना चाहिए।

CM शिवराज ने कर्नाटक में बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया।

राहुल बाबा देश में भी रोते हैं, विदेश जाकर भी…

सीएम शिवराज ने कहा, कांग्रेस के लोग रोते हैं, राहुल बाबा देश में भी रोते हैं, विदेश जाकर भी रोते हैं। विदेश जाकर मोदी जी की आलोचना करते हैं। कांग्रेस के लोग कहते हैं मोदी तेरी कब्र खुदेगी, जबकि देश और कर्नाटक कह रहा है मोदी तेरा कमल खिलेगा। देश के दिल में और कर्नाटक की जनता के दिल में बसे हैं नरेंद्र मोदी जी। उन्होंने देश और देश की जनता की जिंदगी बदल दी है।

​कांग्रेस और राहुल को शर्म आनी चाहिए

सीएम शिवराज ने कहा कि राहुल गांधी अपरिपक्व नेता हैं। उनकी मानसिक आयु 5 वर्ष से ज्यादा नहीं है। एक ऐसे व्यक्ति को कांग्रेस राष्ट्रीय नेता बनाने पर तुली है, जो स्वयं लोकतंत्र पर विश्वास नहीं रखता। देश के मूल्यों पर विश्वास नहीं रखता हो। राहुल गांधी और कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए कि वह विदेश में जाकर देश को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। राहुल जी आपके इस कृत्य को देश की जनता देख रही है।

डबल इंजन की सरकार ने विकास को गति दी

सीएम शिवराज ने कहा कि कर्नाटक में डबल इंजन की सरकार कर्नाटक की तस्वीर और जनता की तकदीर बदल रही है। गरीबों को कभी फ्री में राशन कांग्रेस ने नहीं दिया। मोदी जी और बोम्मई जी की सरकार रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार का इंतजाम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने किसानों को 6 हजार रुपए दिए तो कर्नाटक में बोम्मई जी ने उसमें 4 हजार रुपए मिलाकर किसानों को 10 हजार रुपए की मदद दी। इस डबल इंजन की सरकार ने विकास को गति दी है, इससे कर्नाटक भारत का सबसे प्रगतिशील राज्य बन गया है।

कर्नाटक प्रवास के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सीएम शिवराज को गदा भेंट कर स्वागत किया।

कांग्रेस आज टुकड़ों में बंट गई

सीएम शिवराज ने कहा कि कांग्रेस आज कई टुकड़ों में बंट गई है। डीके शिवकुमार अलग और सिद्धारमैया अलग हैं। कांग्रेस और जेडीयू कर्नाटक का भला नहीं कर सकते। जेडीयू केवल वोट काट सकती है और कांग्रेस को फायदा पहुंचा सकती है। हम विकास करते हैं, कांग्रेस विनाश करती है। कांग्रेसियों ने तो उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे जी का भी अपमान किया। एक कार्यक्रम में वो धूप में खड़े रहे और छाता सोनिया जी के ऊपर लगाया गया। अगर कर्नाटक का सम्पूर्ण विकास कोई पार्टी कर सकती है, तो वो भारतीय जनता पार्टी है।

हम फिर सरकार बनाएंगे

सीएम शिवराज ने कहा कि आज होसपेट में इतनी गर्मी में पसीना बहाते हुए विजय संकल्प यात्रा में जनता चल रही थी। उनकी आंखों में विश्वास है और मोदी जी के प्रति सम्मान है। मैं विश्वास के साथ कहता हूं कि हम फिर भाजपा सरकार बनाएंगे। जनता का कल्याण कर भाजपा इसका कर्ज उतारेगी, नरेंद्र मोदी भारत के लिए भगवान का वरदान हैं। मोदी जी के पहले भारत का सम्मान नहीं था, पिद्दी-पिद्दी से देश भारत को आंख दिखाते थे। आज पूरे विश्व में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। पाकिस्तान तक में लोग कहते हैं कि काश हमारे पास एक मोदी होता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here