जबलपुर में समलैंगिक रिश्तो का खूनी अंत, रांझी में क्यों हुई थी युवक की हत्या जानिए पूरी खबर

अधेड़ के साथ समलैंगिक रिश्ते का अंत 30 वर्षीय युवक की हत्या से हुआ। युवक ने अधेड़ के साथ आपत्तिजनक हालत का वीडियो बना लिया था। जिसे लोगों को दिखाकर बदनाम करने की धमकी देता था।

बदनामी के डर से परेशान अधेड़ ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर युवक को हमेशा के लिए रास्ते से हटा दिया।

यह जानकारी देते हुए रांझी पुलिस ने देवी बेन 30 वर्ष निवासी बंगला नंबर-2 के सामने सर्वेंट क्वाटर सीओडी गोकलपुर की अंधी हत्या का खुलासा कर दिया। देवी की हत्या सिर पर पत्थर पटककर की गई थी। शनिवार सुबह देवी का शव शारदा नगर पार्क के समीप मिला था। घटनास्थल से कुछ दूर रांझी थाना प्रभारी का आवास है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपितों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने शनिवार रात घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपितों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

यह है मामला: रामनगर निवासी करन सिंह ठाकुर ने शारदा नगर पार्क के पास एक युवक का रक्तरंजित शव पड़े होने की सूचना रांझी थाने में दी थी। जिसके बाद एएसपी संजय अग्रवाल, सीएसपी एमपी प्रजापति, टीआइ विजय सिंह परस्ते, एफएसएल अधिकारी डा. नीता जैन बल सहित मौके पर पहुंचे। करन ने पुलिस को बताया कि पार्क के बार पानी की टंकी का निर्माण किया जा रहा है। जहां वह चौकीदारी करता है। वह पार्क से बाहर निकला तो युवक का शव मिला। घटनास्थल पर पुलिस को खून से सने दो पत्थर मिले। पानी की बोलतें, डिस्पोजल, सिगरेट की डिब्बी भी पाई गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने मृतक की शिनाख्त शुरू की। कुछ घंटे बाद उसकी पहचान देवी बेन के रूप में हो पाई। देवी बेन परिवार सहित सीओडी फैक्ट्री के सर्वेंट क्वाटर में रहता था। शुक्रवार शाम वह स्वजन को कुछ बताए बगैर घर से निकला था।

देने लगा था धमकी: हत्या की एफआइआर दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी। एसपी बहुगुणा के निर्देश पर पृथक से पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम को पता चला कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे शांति नगर रांझी निवासी विनोद रजक उर्फ शेरा 48 एवं शुभम पटेल 22 के साथ देवी बेन को शारदा नगर पार्क के पास देखा गया था। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की। जिन्हें कुछ घंटे बाद संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। विनोद रजक ने बताया कि वह पहले देवी बेन के मोहल्ले में रहता था। जहां दोनों के बीच समलैंगिक संबंध बन गए थे। देवी बेन अक्सर उसके साथ संबंध बनाता था। पूर्व में संबंध बनाते समय देवी ने अपने मोबाइल पर अश्लील वीडियो बना ली थी। कुछ दिन बाद वह मोहल्ले को लोगों को वह वीडियो दिखाकर उसे बदनाम करने की धमकी देने लगा।

शराब पिलाकर हत्या की: विनोद ने बताया कि देवी की धमकियों से वह परेशान हो गया था। बीती रात उसने पड़ोसी शुभम पटेल से अपनी पीड़ा बताई। जिसके बाद दोनों ने देवी की हत्या की योजना बनाई। योजना के अनुसार वह शुभम पटेल के साथ मेमोरी तिराहा दुकान से शराब खरीदकर शारदा नगर पार्क पहुंचा। जहां देवी बेन को भी शराब पीने के लिए बुलाया गया। कुछ देर बाद वहां देवी पहुंच गया। तीनों ने शराब पी जिसके बाद आपत्तिजनक वीडियो बनाने की बात पर देवी से कहासुनी होने लगी। देवी गालीगलौज करने लगा। जिसके बाद दोनों ने हाथ घूसों से मारपीट की। मारपीट के दौरान देवी पार्क की सड़क पर पर गिर पड़ा। जिसके बाद दोनों ने उसके सिर पर पत्थर पटककर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने देवी की मोटरसाइकिल, मोबाइल, पर्स आदि महालक्ष्मी मंदिर के पास ले जाकर छिपा दिया।

इनकी रही भूमिका: अंधी हत्या का खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी में रांझी टीआइ परस्ते, उप निरीक्षक राहुल काकोडिया, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, नरेश मरावी, मनोज गोस्वामी, प्रधान आरक्षक राजेश त्रिपाठी, दिनेश तिवारी, अनिल तिवारी, आरक्षक प्रदीप तिवारी, साकेत तिवारी, प्रवीण मरावी, मनीेष पटेल, अर्पित सिंह, संदीप मेहरा, राममिलन की भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने जवानों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here