उज्जैन दक्षिण क्षेत्र में कांग्रेस को झटका, पूर्व पार्षद जयसिंह और विजयसिंह दरबार ने भाजपा की सदस्यता ली

उज्जैन दक्षिण विधानसभा के नानाखेड़ा क्षेत्र में वर्चस्व रखने वाले पूर्व पार्षद भाई जयसिंह दरबार और विजयसिंह दरबार ने बुधवार को भोपाल में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। सीएम हाऊस में विधायक दल की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भाजपा में आने पर उनका स्वागत किया।

जयसिंह दरबार कांग्रेस से पार्षद और विधायक चुनाव हार चुके हैं तथा उनके भाई विजयसिंह दरबार निवृत्तमान परिषद में पार्षद रह चुके हैं। नानाखेड़ा क्षेत्र में वर्चस्व के कारण वे निर्दलीय चुनाव भी लड़ चुके हैं। दरबार ने कहा कि कांग्रेस की उपेक्षा के चलते और भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता लेना तय किया।

दरबार भाईयों के भाजपा में आने से कांग्रेस को उज्जैन दक्षिण क्षेत्र में बड़ा नुकसान बताया जा रहा है। जबकि भाजपा को बड़ा फायदा यह होगा कि कांग्रेस से या निर्दलीय लड़ने की स्थिति में जो वोट दरबार के खाते में आते थे वे अब भाजपा के खाते में आने की संभावना है।

इसे भाजपा की आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़ कर भी देखा जा रहा है। उज्जैन दक्षिण से उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव विधायक हैं। दरबार के भाजपा में आने की घोषणा के मौके पर सीएम के साथ डॉ यादव, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक पारस जैन मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here