बाबा हरदेव सिंह की स्मृति में संत हिरदाराम नगर में शुरू हुआ स्वच्छता अभियान

निरंकारी मिशन के पूर्व प्रमुख ब्रह्मलीन बाबा हरदेव सिंह की स्मृति में निरंकारी मंडल ने संत हिरदाराम नगर में स्वच्छता अभियान शुरू किया।

मंडल की ओर से नेत्र एवं दंत चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन भी किया गया।

निरंकारी मंडल की बैरागढ़ शाखा द्वारा सत्संग भवन के अलावा आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। निरंकारी मंडल के प्रवक्ता कन्हैयालाल साधवानी ने बताया कि निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी के सान्निध्य में सन्त निरंकारी मिशन ने आध्यात्मिकता द्वारा विश्व को प्रेम, दया, करुणा, एकत्त्व जैसे भावों से जोड़कर, दीवार रहित संसार की परिकल्पना को साकार किया। उन्होंने भक्तों को आध्यात्मिकता के साथ साथ मानवता एवं प्रकृति की सेवा करते हुए अपने कर्तव्य को निभाने की प्रेरणा दी। वर्तमान में इसी श्रंखला को सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। बाबा जी की प्रेरणा से स्वच्छता अभियान शुरू किया गया। साथ ही सदन नेत्र चिकित्सालय के सहयोग से नेत्र जांच शिविर लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों की जांच की गई। दांतों से संबंधित बीमारियों का भी इलाज किया गया।

पौधारोपण अभियान भी शुरू किया गया

निरंकारी मंडल के प्रवक्ता ने बताया कि ‘वननेस वन परियोजना’ महाअभियान को आगे बढ़ाते हुए मिशन के सेवादारों द्वारा पौधारोपण अभियान भी शुरू किया गया है। बड़ी संख्या में पौधे रोपे जा रहे हैं। संत निरंकारी मिशन द्वारा प्रतिवर्ष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया जा रहा है जिसमें मानव कल्याण की भलाई के लिए कार्य किए जा रहे है। बाबा हरदेव सिंह जी का यही दृष्टिकोण था कि ‘प्रदूषण अंदर हो या बाहर, दोनों ही हानिकारक है।’ किन्तु इस वर्ष कोरोना की विषम परिस्थिति के कारण मिशन की ओर से जहां जहां पर संत निरंकारी सत्संग भवन हैं, केवल उन्हीं स्थानों पर एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here