मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महाकाल महाराज मन्दिर परिसर विस्तार योजना के द्वितीय चरण की जानकारी ली

0
116

उज्जैन । प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को त्रिवेणी संग्रहालय के ऑडिटोरियम में श्री महाकाल महाराज मन्दिर परिसर विस्तार योजना के द्वितीय चरण के विकास की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने पॉवर पाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से महाकाल महाराज मन्दिर परिसर विस्तार योजना के द्वितीय चरण के बारे में मुख्यमंत्री को बताया कि महाराजवाड़ा परिसर को हैरिटेज धर्मशाला के रूप में विकसित किया जायेगा। महाराजवाड़ा और मन्दिर के बीच के हिस्से को भी मन्दिर परिसर में शामिल किया जायेगा। पहले यहां विद्यालय संचालित किया जाता था। इसे अन्यत्र शिफ्ट कर दिया गया है। जून 2023 तक इसका पूर्ण होना प्रस्तावित है।

रूद्र सागर जीर्णोद्धार के अन्तर्गत उन नालों को चिन्हांकित किया गया, जहां से इसमें सीवर लाइन का पानी मिल रहा था। सभी नालों को दूसरी जगह से डायवर्ट करने का कार्य किया जा रहा है। इसमें 90 प्रतिशत कार्य हो चुका है। जब रूद्र सागर पूर्ण रूप से सूख जायेगा, तब शिप्रा नदी से इसमें जल लाने की व्यवस्था की जायेगी। इसके आसपास लगभग 1500 वृक्ष भी लगाये जायेंगे।

रामघाट के सौन्दर्यीकरण के अन्तर्गत रामघाट के सभी प्रमुख मन्दिरों और छत्रियों पर आकर्षक लाईटिंग की जायेगी। पुराने पत्थर का रंग-रोगन किया जायेगा और सभी मन्दिरों और छत्रियों को एकरूपता प्रदान की जायेगी।

महाकाल मन्दिर परिसर विस्तारीकरण के दौरान जो शासकीय विद्यालय थे, उन्हें अन्यत्र शिफ्ट कर दिया गया है। रूद्र सागर के पश्चिमी मार्ग का भी विकास किया जा रहा है। सीवर लाइन नई डाली जा रही है।

मेघदूत वन (मन्नत गार्डन भूमि) के विकास के अन्तर्गत हरिफाटक ब्रिज के ऊपर तरफ जाने वाले मार्ग के पास में भूमि पर भूमाफियाओं का कब्जा था। इस भूमि को माफिया अभियान के अन्तर्गत मुक्त करवाया गया है। यहां खुली पार्किंग बनाई जायेगी।

आपातकालीन प्रवेश, निर्गम द्वार और शिखर दर्शन परियोजना के बारे में कलेक्टर ने बताया कि मन्दिर परिसर के बाहर कम समय में काफी लोगों को इस परियोजना के तहत निकाला जा सकेगा। महाकाल मन्दिर नवीन प्रतीक्षालय के बारे में जानकारी दी गई कि यह मन्दिर के प्रांगण में स्थित होगा। इसका क्षेत्रफल बढ़ाया गया है। महाकाल मन्दिर कॉरिडोर में जगह-जगह ऑडियो गाईड लगाई जायेगी, जहां शिवपुराण से सम्बन्धित कथाओं को सुनाया जायेगा। महाकाल पैदल पुल का निर्माण चारधाम टंकी के पास किया जायेगा। रूद्र सागर में म्युजिकल फाउंटेन लगाया जायेगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान, संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री पारस जैन, विधायक श्री बहादुरसिंह चौहान, पूर्व सांसद प्रो.चिन्तामणि मालवीय, पूर्व विधायक श्री सतीश मालवीय, श्री विवेक जोशी, श्री विशाल राजौरिया, श्री इकबालसिंह गांधी, संभागायुक्त श्री संदीप यादव, आईजी श्री एसके सिंह, डीआईजी, कलेक्टर श्री आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री सत्येन्द्र कुमार शुक्ल और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here