मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महाकालेश्वर मन्दिर परिसर विस्तार योजना के प्रथम चरण के विकास कार्यों का अवलोकन किया

0
134

उज्जैन एक मार्च। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को श्री महाकाल महाराज मन्दिर परिसर विस्तार योजना के अन्तर्गत प्रथम चरण के विकास कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्टर श्री आशीष सिंह द्वारा विभिन्न कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री को प्रदाय की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसर विस्तार के अन्तर्गत जो भी कार्य किये जा रहे हैं, उनमें जहां भी सुधार की आवश्यकता है, वहां सुधार किया जाये। किसी प्रकार की जल्दबाजी की कोई आवश्यकता नहीं है। मन्दिर परिसर का विस्तार दीर्घ अवधि के लिये किया जा रहा है। इसीलिये सौन्दर्यीकरण और अन्य कार्यों में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मन्दिर परिसर विस्तार के अन्तर्गत किये गये कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि कॉरिडोर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाये। जो भी प्रतिमाएं मूर्तिकारों द्वारा बनाई जा रही हैं, उनकी भाव-भंगिमाओं पर विशेष ध्यान दें। कलेक्टर द्वारा जानकारी दी गई कि कॉरिडोर में शिव पुराण से सम्बन्धित कथाओं का आकर्षक चित्रण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉरिडोर में लगाये जाने वाले वृक्षों की प्रजाति का ध्यान रखा जाये। बरगद का पेड़ यदि कहीं लगा रहे हों तो इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उससे आसपास की संरचना को क्षति न पहुंचे। सौन्दर्यीकरण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये। इसके लिये समर्पित कारीगरों की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉरिडोर के विकास के सम्बन्ध में आने वाले दिनों में समग्र रूप से बैठक आयोजित की जायेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान, संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री पारस जैन, विधायक श्री बहादुरसिंह चौहान, पूर्व सांसद प्रो.चिन्तामणि मालवीय, पूर्व विधायक श्री सतीश मालवीय, श्री विवेक जोशी, श्री विशाल राजौरिया, श्री इकबालसिंह गांधी, संभागायुक्त श्री संदीप यादव, आईजी श्री एसके सिंह, डीआईजी, कलेक्टर श्री आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री सत्येन्द्र कुमार शुक्ल और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here