जादू-टोने के संदेह में हत्या – जबलपुर में खेत की रखवाली कर रहे वृद्ध दंपती पर वार, महिला की मौत, पति गंभीर

जादू-टोने के संदेह में हत्या।

जबलपुर में जादू-टोने के संदेह में 10 दिनों में हत्या की तीसरी वारदात सामने आई है। आज दोपहर डेढ़ बजे खमरिया के पिपरिया में खेत की रखवाली करने वाले वृद्ध आदिवासी दंपती पर एक युवक ने तलवार से वार कर दिया। युवक दंपती पर जादू-टोने का संदेह करता था। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति गंभीर रूप से घायल हो गया है।

खमरिया पुलिस के मुताबिक पिपरिया निवासी अनिल यादव के खेत को बेलखाड़ू कटंगी निवासी सौरभ पटेल ने सिकमी पर लिया है। खेत में एक कमरे का मकान बना हुआ है। खेत की रखवाली के लिए उसने बरगी के झपनी सगड़ा निवासी छेदीलाल गौड़ (69) को रखा था। छेदीलाल अपनी पत्नी रूक्मणी बाई (65) के साथ खेत में ही रहकर रखवाली करता था।

दोपहर डेढ़ बजे वारदात को दिया अंजाम

सौरभ ने वहीं के यदु यादव के खेत काे भी सिकमी पर लिया है। उस खेत की भी रखवाली ये वृद्ध दंपती करते थे। यदु यादव के खेत के बगल में ही पिपरिया निवासी कपिल यादव का भी खेत है। इस कारण वह भी वृद्ध दंपती को जानता था। आज दोपहर डेढ़ बजे के लगभग दंपती अनिल यादव वाले खेत में बने एक कमरे के मकान में बैठे थे। तभी कपिल यादव तलवार लेकर पहुंचा और दंपती पर वार कर दिया। रूक्मणी बाई गौड़ के गर्दन व सिर में चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छेदीलाल गौड़ के कंधे और हाथ में चोटें आई हैं। उसे मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया है।

पिपरिया में खेत की रखवाली करते थे दंपती।

हत्या की खबर मिलते ही पहुंची पुलिस

खमरिया पुलिस को डायल-100 पर हत्या की खबर मिली। मौके पर एसआई बृजेश शुक्ला सहित अन्य स्टॉफ पहुंचा और डायल-100 की मदद से छेदीलाल गौड़ को अस्पताल भिजवाया। मौके पर एफएसएल प्रभारी डॉ. सुनीता तिवारी, सीएसपी रांझी एमपी प्रजापति और एएसपी संजय अग्रवाल भी पहुंचे। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज करते हुए कपिल की तलाश तेज कर दी है। कपिल कांचघर में पत्नी के साथ किराए से रहता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here