5 लाख रुपए के लिए चाचा ने किया था भतीजे को अगवा

छतरपुर में एक शख्स ने 5 लाख रुपए और जमीन के लिए अपने 5 साल के भतीजे को किडनैप कर लिया। वह बच्चे को आइस्क्रीम खिलाने के बहाने ले गया था। पुलिस ने शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने वारदात कबूल कर ली है। उसके साथ दो आरोपी और थे। पुलिस ने 8 घंटे में बच्चे को छतरपुर से 35 किलोमीटर दूर राजनगर से बरामद कर लिया।

आरोपी ने पुलिस काे बताया कि बच्चे ने उसे पहचान लिया था, इसलिए वे फिरौती लेकर बच्चे की हत्या कर देते। एसपी सचिन शर्मा ने रविवार शाम को मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चाकू और बाइक जब्त की है।

अभिषेक उसके पिता लक्ष्मण कुशवाह के साथ 

23 अप्रैल को मातगुवां थाना क्षेत्र के व्यादा पुरवा गांव के रहने वाले किसान लक्ष्मण कुशवाहा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 22 अप्रैल की शाम 7:30 बजे से बेटा अभिषेक उर्फ अभी कुशवाहा लापता है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी एसआई सिद्धार्थ शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस को ऐसे हुआ शक

थाना प्रभारी एसआई सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि घटना के समय से रात 12 बजे तक दो लोग गांव से लापता हैं। पहला- मुकेश (24) पुत्र वृंदावन कुशवाहा और दूसरा राजू कुशवाहा (23) पुत्र रामचरण कुशवाहा। दोनों लक्ष्मण के चचेरे भाई हैं। दोनों को जुए की लत है। दोनों ही रात 12 बजे के बाद घर लौटे थे। इसी बात पर पुलिस को उन पर शक हुआ।

पुलिस के साथ सर्चिंग करते रहे आरोपी

पुलिस को शक तो था, लेकिन यकीन के लिए पुलिस दोनों आरोपियों को सर्चिंग के लिए अपने साथ ले गई। रात भर मुकेश और राजू पुलिस के साथ सर्चिंग में लगे रहे। इस बीच पुलिस ने उनके हाव-भाव देखे। पुलिस ने सामान्य पूछताछ भी की, जिसका उन्होंने हड़बड़ाकर जवाब दिया। इस पर पुलिस ने दोनों से अलग-अलग पूछताछ की। दोनों के बयान में विरोधाभास मिला। फिर दोनों को साथ बिठाकर सख्ती से पूछताछ की, तो मुकेश टूट गया। उसने पूरी कहानी बता दी।

आइस्क्रीम खिलाने के बहाने ले गया बच्चे को

मुकेश ने पुलिस को बताया कि उसे पता था कि लक्ष्मण अपनी पत्नी के साथ बच्चों को घर छोड़कर ससुराल गया है। इसी दौरान वह राजू की बाइक लेकर घर पहुंचा। यहां से अभिषेक को आइस्क्रीम का लालच देकर ले गया। यहां से वे उसे राजनगर ले गए। यहां रानू के घर पर बच्चे को रखा। इसके बाद किसी को शक न हो, इसलिए वापस गांव चले गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here