कांग्रेस विधायक परमार का नाम महापौर प्रत्याशी का आते ही भाजपा में खलबली, पूर्व महापौर ललावत ने भी दावा ठोका

0
105

उज्जैन।नगर निगम चुनाव को लेकर  कांग्रेस पार्टी ने अपना महापौर प्रत्याशी विधायक महेश परमार को चुनाव मैदान में उतारने के बाद  भारतीय जनता पार्टी में महापौर प्रत्याशी को लेकर घमासान मचा हुआ है। इसी बीच पूर्व महापौर मदनलाल ललावत ने एक बार फिर चुनाव मैदान में उतरने के लिए अपना दावा मजबूती से ठोक दिया है, और उन्होंने आज भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष विवेक जोशी को इस आशय का पत्र भी सौंप दिया है। हालांकि भाजपा कांग्रेस प्रत्याशी परमार के मुकाबले प्रत्याशी खोजने में जुटी हुई है।मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने कल महापौर प्रत्याशियों की सूची जारी की जिसमें उज्जैन से विधायक महेश परमार का नाम आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के खेमे में इसको लेकर चिंता बढ़ गई है।क्योंकि महेश परमार की शुरू से ही एक जुझारू और संघर्षशील नेता के रूप में छवि उज्जैन के जनमानस में बनी हुई है। इसी को लेकर भारतीय जनता पार्टी भी उनके मुकाबले एक सशक्त दावेदार चुनाव मैदान में उतारने के लिए भरसक कोशिश में लगी हुई है।अभी तक नगर निगम के पिछले चार चुनावों में भारतीय जनता पार्टी हो या कांग्रेस पार्टी हो उन्होंने  महापौर प्रत्याशी के रूप में बेरवा समाज के व्यक्ति को महत्त्व देकर चुनाव मैदान उतारा था।  उसके पीछे एक महत्वपूर्ण कारण है कि उनका एक बड़ा थोक वोट बैंक उज्जैन में निवासरत है। परंतु इस बार कांग्रेस ने बेरवा समाज को दरकिनार करते हुए बलाई समाज के विधायक परमार को चुनाव मैदान में उतार दिया है। हालांकि बलाई समाज का भी बेरवा समाज के मुकाबले बराबरी का वोट बैंक है। अभी तक यह होता आया है कि चुनाव में कांग्रेस पार्टी का प्रत्याशी घोषित होते ही उस पर हार के मोहर लग जाया करती थी।ओर कांग्रेस के नेता खुद ही उसकी हार की घोषणा कर दिया करते थे। परंतु इस बार परिस्थितियां बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है क्योंकि परमार का एक साफ सुथरा चेहरा होने के कारण भारतीय जनता पार्टी में उनके मुकाबले कोई सशक्त चेहरा अभी सामने नहीं आया है।महेश परमार ने वर्तमान सांसद अनिल फिरोजिया को पिछले  विधानसभा चुनाव में तराना से चुनावी पटखनी देकर विजयश्री हासिल की थी और अब उनके निगाह आगामी लोकसभा चुनाव पर लगी हुई है। इसके पूर्व वह  महापौर के रूप में अपनी छवि उज्जैन में इस तरह स्थापित करना चाहते हैं कि आगामी लोकसभा चुनाव में उन्हें आसानी से कोई शिकस्त देने वाला सामने ना हो ,क्योंकि बलाई समाज का उज्जैन संसदीय क्षेत्र में बड़ा वोट बैंक होने से उन्हें जीत आसान नजर आ रही है। इस बीच उज्जैन में आगामी समय सिंहस्थ महापर्व का भी आयोजन होने वाला है इस पर भी उनकी निगाहें टिकी हुई है।इधर भारतीय जनता पार्टी में चुनाव को लेकर गहमागहमी बनी हुई है ।महापौर दावेदारों के रूप में पूर्व सांसद चिंतामणि मालवीय, सुरेश गिरी एवं डॉ प्रभु लाल जाटवा का नाम जोर शोर से लिया जा रहा है। परंतु आज पूर्व महापौर मदन लाल लालावत ने भी दम ठोक दिया है कि वह चुनाव मैदान में उतरने वाले हैं। इसको लेकर उन्होंने आज भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ नगर अध्यक्ष विवेक जोशी को इस आशय का पत्र सौंपा है।जिसमे उन्होंने अपने पुराने पुराने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उनकी सफलताओं का वर्णन किया है ,साथ ही उनकी छवि भी शहर में एक साफ सुधरे और सादगी पूर्ण नेता के रूप में रही है और वह आज भी साइकिल से शहर में भ्रमण करते हैं जिससे आम जनमानस उनसे अभिभूत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here