ऑटो ड्राइवर ने MP को दिलाया भारत उदय का खिताब बॉडी बिल्डर संजू दिनभर में चलाते हैं ऑटो, 10KM साइकिल चलाकर पहुंचते हैं जिम

0
75

मप्र को पहली बार एक ऑटो ड्राइवर ने भारत उदय का टाइटल दिलाया है। बेंगलुरु में 3 और 4 सितंबर को हुई 70वीं नेशनल बाॅडी बिल्डिंग चैम्पियनशिप में जबलपुर के 24 साल के युवा ने यह कमाल किया है। ऑटो ड्राइवर संजू लोधी ने 16 राज्यों के बॉडी बिल्डर्स को पछाड़कर यह खिताब अपने नाम किया। चैम्पियनशिप में मप्र के 21 प्रतिभागी शामिल हुए और 9 खिलाड़ियों ने पदक जीते।

मध्यप्रदेश शरीर सौष्ठव टीम के मैनेजर शीलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में भारत उदय, भारत किशोर, भारत कुमार, भारत श्री और भारत केशरी के टाइटल थे। मध्य प्रदेश की टीम ने भारत उदय के टाइटल पर कब्जा किया। साथ ही 4 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य पदक जीता। मध्यप्रदेश ने पहली बार भारत उदय का खिताब जीता है।

चार साल की मेहनत रंग लाई

भारत उदय के खिताब पर कब्जा करने वाले संजू लोधी ने बताया कि उनकी सफलता के पीछे उसके गुरु का हाथ है, जिन्होंने लगन से प्रैक्टिस करवाई। संजू ने बताया कि उसके ग्रुप में कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर के बॉडी बिल्डर थे। संजू के मुताबिक वह 4 सालों से लगातार प्रैक्टिस कर रहा है, अब मेहनत रंग लाई है।

डाइट के साथ फ्री कोचिंग की सुविधा

संजू के कोच रोक्सन ने बताया कि संजू पेशे से ऑटो ड्राइवर है। वह दिन में ऑटो चलाता है और रात में जिम में ढाई घंटे पसीना बहाता है। उसकी पारिवारिक स्थिति ठीक नहीं है। पिता प्राइवेट जॉब करते हैं। तीन भाइयों संजू बीच का है। बड़ा भाई भी ऑटो ड्राइवर है, जबकि छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है। परिवार की जिम्मेदारी सब मिलकर उठाते हैं। संजू अपने शरीर पर काफी मेहनत करता है। उसकी आर्थिक स्थित को देखकर उसे फ्री कोचिंग दे रहे हैं। उसकी डाइट का भी पूरा ख्याल रखते हैं। संजू का घर संजीवनी नगर में है। ऐसे में वह करीब 10 किमी रोजाना साइकिल चलाकर जिम पहुंचता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here