बड़वाह विस क्षेत्र में नहीं होगी राहुल गांधी की सभा

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 25-26 नवंबर को बड़वाह विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरेगी। इस पूरे विधानसभा मार्ग में केवल सनावद ही एक ऐसा शहर था, जिसमें राहुल गांधी नुक्कड़ सभा करने वाले थे। उनकी यह सभा 25 नवंबर को शाम को होने वाली थी, लेकिन अब यह सभा निरस्त हो गई है।

दोनों स्थानों पर सभा की निरस्त

बड़वाह विधानसभा क्षेत्र के यात्रा समन्वयक नीलेश रोकड़िया ने बताया कि राहुल गांधी की सभा के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए सीआरपीएफ ने 2 दिन पहले निरीक्षण किया था। जहां उन्होंने पहले से तय बस स्टैंड पर नुक्कड़ सभा के लिए साफ मनाही कर दी थी। उनसे चर्चा के बाद ही बड़वाह रोड पर स्थित त्रिकोण चौराहे पर नुक्कड़ सभा रखना तय किया था।

नीलेश रोकड़िया ने बताया कि गुरुवार को CRPF ने जानकारी दी कि सुरक्षा कारणों के चलते राहुल गांधी की सभा त्रिकोण चौराहे पर भी नहीं हो पाएगी। रोकड़िया ने बताया कि अब इस यात्रा में प्रियंका गांधी भी सम्मिलित हो गई हैं। इसके चलते यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता के जुटने की संभावना है। इसी के चलते CRPF ने फिलहाल इस सभा को निरस्त कर दिया गया है।

लोगों को संबोधित किए बिना जाएंगे महू

इसके पहले बलवाड़ा में भी एक नुक्कड़ सभा होना तय की गई थी, लेकिन उसे भी सुरक्षा कारणों के चलते निरस्त कर दिया था। अब ऐसे में राहुल गांधी इस पूरी बड़वाह विधानसभा में आमजनता को बिना संबोधित किए महू के लिए रवाना हो जाएंगे। उनकी सभा के निरस्त किए जाने के बाद स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मायूसी छा गई है। सनावद में सभा को लेकर तैयारियां भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुरू कर दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here