उज्जैन जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना राघवी पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 2 महिंद्रा ट्रैक्टर और 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 16 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 18 मार्च को नीमखेड़ा निवासी बारिश नायक की बाइक खेड़ामदा गौशाला के पास से चोरी हो गई थी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने 2 जून को संदिग्ध तोफानसिंह गुर्जर (उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम नीमखेड़ा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसके पास से चोरी की वह बाइक बरामद हो गई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने फरार साथी श्याम सिंह के साथ मिलकर उज्जैन और रतलाम जिले के विभिन्न इलाकों से वाहन चोरी करना कबूल किया। आरोपी की निशानदेही पर नीमखेड़ा स्थित उसके खेत पर बने मकान से बिना नंबर के 2 महिंद्रा ट्रैक्टर और अन्य 5 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। पुलिस ने आरोपी तोफानसिंह को गिरफ्तार कर महिदपुर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 16 जून तक के लिए न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल महिदपुर भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के फरार मुख्य साथी श्याम सिंह की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस बड़ी कामयाबी में थाना प्रभारी सुश्री काजलसिंह, उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह जावरिया, सउनि सेवाराम डोडियार और पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।