ब्राह्मण समाज ने सौंपा ज्ञापन, कहा-राजनीतिक द्वेष के चलते की गई अशोक चौबे की हत्या

सागर के बांदरी थाना क्षेत्र के ग्राम सानौगी में हुई कांग्रेस नेता की हत्या मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। अब तक हत्या का कारण सामने नहीं आ सका है। इधर, कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच अशोक चौबे की हत्या के बाद ब्राह्मण समाज में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को ब्राह्मण समाज कल्याण महासभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर एसपी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि मृतक अशोक चौबे निवासी सागौनी लंबे समय से राजनीतिक रूप से सक्रिय थे। वे गांव के पूर्व सरपंच रहे हैं। 2 जनवरी को षड्यंत्र रचकर उनकी हत्या कर दी गई। चौबे की हत्या राजनीतिक द्वेष के चलते की गई है। महासभा ने हत्याकांड की निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच एजेंसी से कराने की मांग की है। वहीं चेतावनी देते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज के विरुद्घ हो रहे अपराधों पर सरकार ने लगाम नहीं लगाया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

पुलिस हत्या की जांच में जुटी

एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाहा ने बताया कि हत्या के मामले में वारदातस्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। मृतक से जुड़े सभी बिंदुओं को खंगाल रहे हैं। जल्द ही मामले की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

ये था पूरा मामला

बांदरी थाने के ग्राम सागौनी में पूर्व सरपंच अशोक चौबे का शव रविवार सुबह खून से लथपथ अवस्था में घर में पड़ा मिला था। मृतक चौबे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी। वारदातस्थल से एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले में जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here