धार में बूथ विस्तारक योजना कल से शुरू:- 10 दिन तक 10 घंटे रोजाना बूथ पर काम करेंगे कार्यकर्ता, पन्ना समितियों का होगा डिजिटलाइजेशन

भाजपा संगठन अपने कार्यकर्ताओं को डिजिटलीकरण की ओर ले जा रहा है। जिसके तहत गुरुवार से बूथ विस्तारक योजना की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान के पहले चरण में पदाधिकारी अपना समय सिर्फ बूथों पर देंगे। बूथ समिति और पन्ना समितियों का काम डिजिटल पर होंगे। इस योजना के माध्यम से ही कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। ताकि पार्टी के विचार बूथों तक पहुंचाया जा सके।

गुरुवार से शुरु होने वाले अभियान के एक दिन पूर्व बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय में योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदेश प्रवक्ता दिव्या गुप्ता ने दीया। इस दौरान विधायक नीना वर्मा, जिला अध्यक्ष राजीव यादव, मीडिया प्रभारी संजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

कार्यकर्ता बूथ की मजबूती के लिए करेगा काम

मध्यप्रदेश भाजपा श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे की जन्म शताब्दी को संगठन पर्व के रुप में मना रहा है। इसी क्रम में बूथ विस्तारक योजना प्रारंभ की गई है। श्रीमती गुप्ता ने बताया कि अभियान के माध्यम से हमारे बूथ डिजिटल होंगे। इसके साथ ही संगठन के कार्यों का भी विस्तार होगा। डिजिटलाइजेशन के तहत संगठन का एप भी लांच किया जाएगा। वर्तमान समय में टेक्नोलॉजी और डिजिटल के इस युग में हम और भी बेहतर संगठन के रुप में काम कर सकें इसलिए ही बूथों को डिजिटल किया जा रहा है। प्रदेश के 65 हजार बूथों की जानकारी का संकलन होगा। जिसमें बूथ समिति और पन्ना समिति की जानकारी जुटाकर डिजिटलाइज किया जाएगा। केंद्र और प्रदेश के पदाधिकारी डिजिटल के माध्यम से सीधे भाजपा के पन्ना प्रमुखों से जुड़े रहेंगे। इसमें 20 जनवरी से 30 जनवरी तक कार्यकर्ता बूथ पर समय देंगे।

जिलाध्यक्ष यादव ने बताया कि जिले में भाजपा 1921 बूथों पर 10 दिन तक 83 हजार घंटे इस काम में जुटी रहेगी। भाजपा के 277 शक्ति केन्द्रों के 554 संयोजक – सह संयोजक सहित 277 एप प्रभ्रारी बूथ विस्तारक संगठन के विस्तारीकरण-सुदृढ़ीकरण के लिए कार्य करेंगे। प्रतिदिन संगठन द्वारा दिए गए 34 बिंदुओं पर कार्य कर जानकारी पत्रक में भी भरेंगे। जो सहयोगी विस्तारक होगा वो पूरी जानकारी को विशेष रूप से तैयार किये “संगठन” एप में अपलोड करेंगे। प्रत्येक कार्यकर्ता एवं बूथ विस्तारक बूथ की मजबूती के संकल्प के साथ बूथ विस्तारक योजना के तहत बूथ पर पहुंचेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here