भोपाल में अब चलती-फिरती रसोई, 2 रसोई गाड़ी चलेंगी; 10 रुपए प्लेट खाना मिलेगा, एक दिन में 400 लोग खा सकेंगे

भोपाल में अब चलती-फिरती रसोई बनेगी। जहां पर 10 रुपए में जरूरतमंदों को भरपूर खाना मिल सकेगा। CM शिवराज सिंह चौहान के निर्देश के बाद नगर निगम प्लान बनाने में जुट गया है। अफसरों की मानें तो शहर में 2 रसोई गाड़ी चलाकर रोज 400 लोगों को खाना देने का प्लान है। वरिष्ठ अफसरों की हरी झंडी मिलते ही गाड़ी चलाने की शुरुआत कर दी जाएगी।

CM ने 23 जनवरी को सुभाषनगर ROB के लोकार्पण के दौरान नगर निगम कमिश्नर केवीएस चौधरी को चलती-फिरती रसोई बनाने को कहा था। कार्यक्रम खत्म होते ही निगम अफसर प्लान बनाने लगे हैं। दो रसोई गाड़ी चलाकर शहर को कवर करने की प्लान है। एक गाड़ी पुराने शहर में चलाई जा सकती है। इससे बैरागढ़ और भोपाल रेलवे स्टेशन, नादरा बस स्टैंड, हमीदिया-सुल्तानिया हॉस्पिटल कवर हो जाएंगे। वहीं, दूसरी गाड़ी रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी बस स्टैंड, कोलार और होशंगाबाद रोड की साइड में चलाई जा सकती है।

अभी सबसे बड़ी रसोई शाहजहांनी पार्क में

भोपाल में 5 दीनदयाल रसोई का संचालन हो रहा है। सुल्तानिया अस्पताल के सामने शाहजहांनी पार्क में सबसे बड़ी रसोई है। जहां पर हर दिन 300 से अधिक लोगों को 10 रुपए में भरपेट भोजन मिल रहा है। इसके अलावा पुतली घर बस स्टैंड, रत्नागिरी अयोध्या बाई पास तिराहा, कोलार एवं करोंद में भी दीनदयाल रसोई संचालित हो रही है। जहां जरूरतमंदों को प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

नए रैन बसेरे में भी बनाएंगे

नगर निगम एक और स्थायी रसोई शुरू करेगा। भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-6 के पास रैन बसेरे के लिए तीन मंजिला बिल्डिंग बनाई जाएगी। इसके लिए टेंडर प्रोसेस भी शुरू कर दी गई है। इस बिल्डिंग में दीनदयाल रसोई भी शुरू की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here