बैरागढ़ की पाइप लाइन में फंसे थे पत्थर, सुधार के बाद शुरू हुई जलापूर्ति

संत हिरदाराम नगर के रहवासी इलाकों में बिछी पाइपलाइनों में खराबी के कारण नागरिकों को पीने का पानी समय पर नहीं मिल पा रहा था। नगर निगम ने चार दिन की मशक्कत के बाद पाइप लाइन की खराबी सुधार दी है।

दरअसल पाइप लाइन के बीच पत्थर फंसे हुए थे, इस कारण लोगों को कम प्रेशर से पानी मिल रहा था।

एच वार्ड की गलियों में एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के आसपास पेयजल सप्लाई प्रभावित हो रही थी। रहवासी इसकी शिकायत कर रहे थे, पर डेढ़ माह बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा था। इसके चलते रहवासियों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा था। अंतत: नगर निगम कर्मचारियों को फाल्ट मिल गया। रहवासियों को उम्मीद है कि इस सुधार के बाद कम प्रेशर से हो रही पानी की सप्लाई का समाधान हो जाएगा। टेकरी मार्ग से पहले मॉडल रोड के आखरी छोर पर नगर निगम के जलकार्य विभाग के कर्मचारियों ने खोदाई की तो पाया कि पेयजल सप्लाई लाइन के पाइप में बड़े-बड़े पत्थर फंसे थे, जिन्हें निकाल दिया गया है।

पत्थर फंसे होने से क्षतिग्रस्त हो गई थी लाइन

पत्थर फंसने से पाइप भी क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे कर्मचारियों ने बदल दिया। लाइन में पत्थर फंसे होने से ही कालोनियों में कम प्रेशर से पानी की सप्लाई हो रही थी। अब रहवासियों को पहले की तरह ही पानी मिलने लगेगा। उल्लेखनीय है कि नगर निगम पिछले डेढ़ माह से फाल्ट ढूंढने में लगा हुआ था, इसके लिए माडल रोड पर अलग-अलग जगहों पर खुदाई कर लाइनें चेक की थीं, पर फाल्ट नहीं मिल पा रहा था। जलकार्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार फाल्ट सुधार होने के बाद जलापूर्ति सामान्य ढंग से होने लगी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here