मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों को फसल क्षति की राहत राशि वितरित

0
239

उज्जैन । गुरूवार को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम में जनवरी-2022 में असामयिक वर्षा/ओलावृष्टि से फसल क्षति हेतु प्रभावित किसानों को राहत राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से वितरित की गई। इस दौरान उज्जैन एनआईसी कक्ष में उज्जैन उत्तर के विधायक श्री पारस जैन, श्री बहादुरसिंह बोरमुंडला, श्री विवेक जोशी, कलेक्टर श्री आशीष सिंह, अपर कलेक्टर श्री अवि प्रसाद, अधीक्षक भू-अभिलेख सुश्री प्रीति चौहान और स्थानीय किसान मौजूद थे।

मुख्यमंत्री द्वारा कुछ जिलों के फसल क्षति प्रभावित किसानों से चर्चा भी की गई। मुख्यमंत्री ने किसानों से पूछा कि वे ओलावृष्टि के सर्वे से संतुष्ट है अथवा नहीं। इस पर सभी किसानों द्वारा एक स्वर में कहा गया कि वे सर्वे से पूर्ण रूप से संतुष्ट हैं तथा उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ भी समय पर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसी भी तरह के संकट के समय सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी है। किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ भी दिलवाया जायेगा ताकि वे बिना किसी चिन्ता के जीवन यापन कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अमले द्वारा सर्वे का कार्य काफी अच्छे तरीके से किया गया है। इसके लिये सभी बधाई के पात्र हैं। हमारे किसान हमारे अन्नदाता हैं। किसान दिन-रात मेहनत करते हैं ताकि सभी को अनाज मिल सके। बीते दिनों जो ओलावृष्टि हुई उस दौरान सरकार के जनप्रतिनिधि और अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। सर्वे की सूची पंचायत भवन में चस्पा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरूवार को लगभग 202 करोड़ रुपये की राहत राशि प्रभावित किसानों के खातों में डाली गई है। राहत राशि के अतिरिक्त फसल बीमा योजना की राशि भी किसानों को प्रदाय की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा शून्य प्रतिशत ब्याज पर किसानों को कर्जा दिया गया। हर संकट में सरकार किसानों के साथ है।

उल्लेखनीय है कि उज्जैन जिले के 16 ग्राम ओलावृष्टि से प्रभावित हुए थे। इन ग्रामों के लगभग 4372 प्रभावित कृषकों को कुल आठ करोड़ 51 लाख 17 हजार 619 रुपये की राहत राशि स्वीकृत की गई है।

गोंदिया ग्राम के कृषक श्री रामराव ने बताया कि उनके पास साढ़े 15 बीघा कृषि भूमि है। जब ओलावृष्टि हुई, उसके अगली ही सुबह प्रशासनिक अमला उनके खेत में पहुंचा। अमले के द्वारा सर्वे किया गया। वे सर्वे से पूर्ण रूप से संतुष्ट हैं। गुरूवार को मुख्यमंत्री द्वारा उनके खाते में लगभग 90 हजार रुपये की राहत राशि अंतरित की गई है। वे इसके लिये मुख्यमंत्री के आभारी हैं।

लेकोड़ा ग्राम के कृषक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि विगत 7 जनवरी को ग्राम लेकोड़ा में ओलावृष्टि हुई थी। अगले दिन 8 जनवरी को जनप्रतिनिधियों द्वारा उनके गांव में पहुंचकर फसल क्षति का सर्वे करवाया गया। उनके पास 22 बीघा कृषि भूमि है और उन्हें 67 हजार 500 रुपये की राहत राशि प्राप्त हुई है। वे इसके लिये मुख्यमंत्री का हृदय से धन्यवाद करते हैं।
लेकोड़ा ग्राम के किसान रविशंकर वर्मा ने जानकारी दी कि जनवरी माह में ओलावृष्टि के रूप में प्राकृतिक आपदा हुई थी। इससे वे काफी परेशान थे। ओलावृष्टि के अगले ही दिन अधिकारियों द्वारा फसल का सर्वे किया गया। मुश्किल समय में सरकार ने उनका साथ दिया। ओलावृष्टि के दौरान उनकी 12 बीघा जमीन में लगाई गई लहसुन, आलू, गेहूं की फसल को क्षति पहुंची थी। उन्हें 54 हजार रुपये की राहत राशि प्राप्त हुई है। इसके लिये वे मुख्यमंत्री श्री चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here