कोटा से बारात ला रहे दूल्हे समेत 9 की मौत:- उज्जैन में अब सिर्फ 2 जुड़वा बहनों की डोली उठेगी, नदी में बहाए जाएंगे छोटी बहन के कंगन

उज्जैन में रविवार को एक साथ 3 बहनों के घर बसने थे। तीनों एक साथ विदा होने वाली थीं, लेकिन इन बेटियों के पिता का सपना बिखर गया। एक बेटी की दुनिया बसने से पहले ही उजड़ गई। खुशियों वाले घर में मातम छा गया। अब सिर्फ 2 जुड़वा बहनों की डोली उठेगी, लेकिन सबसे छोटी बहन के कंगन नदी में बहाए जाएंगे।

चंबल में गिरी बारातियों से भरी कार

इधर लड़की वाले बारातियों के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे। इसी बीच राजस्थान से आ रही बारातियों से भरी कार कोटा के करीब चंबल नदी में जा गिरी, जिससे कार में सवार दूल्हे समेत 9 लोगों की मौत हो गई। इधर हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में हड़कंप मच गया। जहां पलभर पहले खुशियां थी वहां मातम पसर गया।

सुभाष कलोसिया की तीन बेटियों की शादी रविवार को होनी थी। इसमें जुड़वा बेटियों वर्षा (21) की बारात श्यामगढ़ से और दीपिका (21) की बारात रतलाम के ताल से आ रही थी। वहीं जया (20) की बारात राजस्थान के बरवाड़ा से आ रही थी।

शादी वाले घर में छाया सन्नाटा।

मंगल गीत.. सिसकियों में बदल गए

घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे। सब शादी की तैयारियों में लगे थे। परिवार के कुछ लोग बारात के स्वागत की तैयारियां करने में जुटे थे। इसी दौरान सूचना आई कि छोटी बेटी की बारात में शामिल कार चंबल नदी में गिर गई है। कार में दूल्हा अविनाश भी सवार था। इस खबर से पूरे घर का माहौल बदल गया। मंगल गीत की जगह रोने की आवाज आने लगी। छोटी बेटी जया ने सुध-बुध खो दी। घर में आए मेहमान गमगीन हो गए। परिवार के लोग पल-पल की जानकारी अपने मोबाइल से लेने लगे।

तीन बहनों की शादी थी एक साथ

भेरुनाला में रहने वाले सुभाष और रानी कलोसिया की तीन बेटियों वर्षा, जया और दीपिका की शादी एक साथ एक ही दिन रखी गई थी। जिसमें से अब दो शादियां ही होंगी। विष्णु वाटिका में शादी समारोह का कार्यक्रम बेहद सादगी पूर्ण तरीके से संपन्न किया जाएगा। इधर वाल्मीकि समाज के संत उमेश नाथ जी महाराज ने घटना पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा की जया के रीति-रिवाज से कंगन और डोरे नदी में समाहित किए जाएंगे।

जया और अविनाश की शादी का कार्ड।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here