कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल :- कलेक्ट्रेट में रैली निकालकर मांगी भीख, बनाई दाल-बाटी, भजन भी गाए

मप्र राज्य कर्मचारी संघ एवं स्थाईकर्मी कल्याण संघ के बैनर तले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन प्रदर्शन कलेक्ट्रेट परिसर में जारी है। प्रदर्शन के तीसरे दिन कर्मचारियों ने वेतन नहीं मिलने से नाराज होकर भीख मांगने के लिए रैली निकाली। सुबह करीब पौन घंटे तक कर्मचारियों ने हाथों में कटोरा लेकर निकले और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए परिसर में घूम रहे अन्य साथी कर्मचारियों सहित आने-जाने वाले लोगों से भीख मांगी। इस दौरान प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने करीब 800 रुपए एकत्रित किए, जिससे ही प्रदर्शन स्थल पर दाल व बांटी बनाई जा रही है। अब कर्मचारी भीख से मिले रुपयों के माध्यम से ही खाना खाएंगे।

महिलाओं ने बनाया खाना

कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष जगदीशचंद्र वर्मा ने बताया कि लघु वेतन कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण अभी तक नहीं हुआ है, साथ ही सहायक जनजाति कार्य विभाग एवं अन्य विभाग में कार्यरत स्थाई कर्मी, दैनिक वेतनभोगीकर्मियों को शासन के निर्देशानुसार नियमित नहीं किया जा रहा। इन कर्मचारियों से 6 से 8 महीने बीत जाने के बाद भी वेतन नहीं मिल रहा है, जिसके कारण ही कर्मचारियों को परिवार का पालन पोषण करने में दिक्कत आ रही है। 15 फरवरी को ज्ञापन देने के बावजूद समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर प्रदर्शन शुरू किया गया। गुरुवार को पहले भीख मांगने के लिए रैली निकाली गई, इसके बाद परिसर में ही दाल-बाटी बनाई गई।

भजन भी गाए

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए विरोध स्वरूप नया भजन भी बनाया है। भजन गाते हुए कहा कि रघुपति राघव राजा राम, साधना पति के शिवराज… दिन में काम रात में काम… वेतन नहीं देते शिवराज। जैसी पंक्तियों के माध्यम से भी प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों विरोध जारी रखा। प्रदर्शन के दौरान बीआर चौहान, महेंद्र सोरस सहित अन्य कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here