उज्जैन में आज शाम शिवरात्रि पर 21 लाख दीप प्रज्वलित करने की तैयारी शुरू

धर्मनगरी उज्जैन विश्व कीर्तिमान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। शिप्रा के अलग-अलग घाटों पर 14 लाख दीये सजा दिए गए हैं, जबकि पूरे शहर में 21 लाख दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

शिप्रा के घाटों पर स्वयंसेवक भी पहुंचने लगे हैं। शाम 6.30 बजे सायरन बजते ही दीप प्रज्वलन शुरू होगा। आधे घंटे के भीतर दीये जलाए जाएंगे। इसके बाद गिनिज बुक आफ वल्र्ड रिकार्ड की टीम ड्रोन कैमरे से इसकी गिनती करेगी। इसके बाद प्रमाण पत्र दिया जाएगा। अभी यह रिकार्ड अयोध्या के नाम पर है। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान शाम चार बजे उज्जैन पहुंच जाएंगे।

महाशिवरात्रि पर होने वाले दीपोत्सव का नाम शिव ज्योति अर्पणम् रखा गया है। इसके तहत शिप्रा के घाटों के अलावा पूरे शहर में दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। 21 लाख दीये जलाए जाएंगे। इसमें शहरभर के कई सामाजिक संगठन, संस्थाएं, समाज के लोग आदि शामिल हो रहे हैं। शासकीय इमारतों को सजाया गया है। आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। महाकाल मंदिर, कालभैरव, मंगलनाथ, चिंतामन, हरसिद्धि मंदिर में भी दीपोत्सव के तहत दीपमालिकाएं सजेंगी।

रामघाट जाने वाले मार्ग को सील किया

दीपोत्सव की तैयारियों के मद्देनजर रामघाट आदि प्रमुख घाटों की ओर जाने वाले मार्गों को बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया गया है। यहां अब दीप प्रज्वलित करने वाले स्वयंसेवकों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। इस कारण क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन में दिक्कतें आ रही हैं।

ये है तय कार्यक्रम

– 2 बजे: संगीतमय गायन प्रस्तुति

– 2.45 बजे: सुरेंद्र स्वर्णकार द्वार बांसुरी वादन

– 4.30 बजे: विपिन मरमट द्वारा संगीतमय प्रस्तुति

– 5.30 बजे: संगीतमय कार्यक्रम और अनिवार्य घोषणाएं।

– 6.35 बजे: मुख्यमंत्री द्वारा पहला दीप प्रज्वलन।

– 7.00 बजे: पांच मिनट लिए लाइट बंद की जाएगी। ड्रोन कैमरे से वीडियो बनेगा।

– 7.20 बजे: विश्व रिकार्ड का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here