लुटेरी दुल्हन की फर्जी मां कावेरी और दिलीप को खंडवा पुलिस ने किया गिरफ्तार

शादी के नाम पर फतेहगढ़ के युवक से दो लाख रुपये ठगने के मामले में आरोपित दुल्हन प्रियंका के फरार दो साथियों को पकड़ने में जावर पुलिस को सफलता मिली है।

आरोपित सीमा उर्फ कावेरी और दिलीप को चिड़िया मैदान से गिरफ्तार किया गया है। जावर पुलिस द्वारा दोनों को कोर्ट पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

जावर पुलिस के हाथ आए आरोपित कावेरी बाई और दिलीप चिराखदान के निवासी हैं। कावेरी बाई दुल्हन बनी प्रियंका की मां बनी थी। उसने अपना नाम सीमा पाटीदार बताया था, लेकिन जब पुलिस ने बारीकी से पड़ताल की तो उसका असली नाम कावेरी सामने आया। साथ ही यह भी पता चला की वह चिराखदान में रहती है। अब तक इस मामले में पुलिस द्वारा आरोपित दुल्हन प्रियंका, दलाल कैलाश ठाकुर और पूनम उर्फ छोटी बाई को गिरफ्तार किया गया है। यह तीनों आरोपित फिलहाल जेल में हैं। जावर थाना प्रभारी केड़ी तिवारी ने बताया कि गुरुवार को कोवरी और दिलीप को कोर्ट में पेश किया जाएगा। दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें 50-50 हजार रुपये मिले थे। पुलिस अब इन रुपयों के बारे में आरोपितों से पूछताछ कर सकती है। साथ ही अन्य मामलों के बारे में भी जानकारी निकाली जाएगी।

यह है मामला

15 फरवरी को मंदसौर जिले के ग्राम फतेहगढ़ निवासी पप्पू सिंह राजपूत से आरोपितों ने दो लाख रुपये ठगे थे। दरअसल, पप्पू के लिए उसकी बड़ी बहन गायत्री बाई ने आरोपित कैलाश ठाकुर को दुल्हन देखने के लिए कहा था। इसके बाद कैलाश ने आरोपित प्रियंका, पूनम बाई, कावेरी उर्फ सीमा और दिलीप को साथ मिलकर ठगी की योजना बनाई। प्रियंका को दुल्हन बनाकर पप्पू सिंह से दो लाख रुपये लिए। रुपये मिलते ही दुल्हन बनी प्रियंका कार से उतरकर भाग गई थी। इस मामले में सभी आरोपितों पर जावर थाने में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here