सीएम श्री चौहान ने खरीदा गो-काष्ठ, लकड़ियों से होलीका दहन ना करने की अपील की

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने होलिका दहन के लिए भोपाल के माता मंदिर स्थित प्लेटिनम प्लाजा के सामने से गो-काष्ठ की खरीदारी की। सीएम शिवराज ने नागरिकों से होलिका दहन में लकड़ियों के स्थान पर गो-काष्ठ का उपयोग करने का आग्रह किया।

सीएम शिवराज ने कहा कि आज होलिका दहन होगा। बुराई पर अच्छाई की जीत का यह पर्व है। अंतत: बुराई पराजित होती है। आनंद के वातावरण में खूब उत्साह से होली मनाइये, लेकिन आपसे आग्रह है कि होलिका दहन के लिए गो-गाष्ठ का उपयोग कीजिए। संकल्प लीजिए कि अब वृक्षों को नहीं काटेंगे व होलिका दहन गो-काष्ठ से करेंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज का जनता को संदेश : पेड़ न काटें, गो-काष्ठ से होली जलाएं

इसके पहले कल बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि होली उत्साह, उमंग से मनाएं पर शालीनता के साथ। उन्होंने कहा कि होली सिर्फ गौ-काष्ठ से जलाएं। मैं भी गो-काष्ठ से ही जलाऊंगा। पेड़ नहीं काटना है, पेड़ तो लगाना है। उन्होंने गांव-शहर को स्वच्छ रखें ताकि प्रदेश नंबर एक पर आ जाए। गौरव दिवस मनाने की अपील करते हुए कहा कि अपने गांव-शहर के लिए कुछ न कुछ जरूर करें। चौहान ने होली की शुभकामनाएं, भगोरिया की राम-राम, रंगपंचमी की बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो साल से कोरोना के कारण हम होली नहीं मना पाए थे, पर अब कोरोना नियंत्रण में है। प्रदेश का माहौल उत्साह और आनंद से भरा हुआ है। इसलिए होली पूरे उत्साह, आनंद के साथ मनाइए। सभी गिले-शिकवे भूल जाइए। कहीं दिलों में दीवार हो, तो तोड़ दीजिए। हम सब मिलकर आत्म निर्भर मध्य प्रदेश के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि इस बार रिकार्ड उत्पादन होने की संभावना है। किसान को फसलों के रेट भी बहुत अच्छे मिल रहे हैं। अभी-अभी फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों के बैंक खातों में सात हजार 618 करोड़ रुपये जमा कराए हैं। पिछले दो साल में फसल उपार्जन, बिजली की सब्सिडी, शून्य प्रतिशत ब्याज पर कर्जा, प्रधानमंत्री सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, राहत की राशि मिलाकर एक लाख 72 हजार रुपये किसान के खाते में पहुंचे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here