बड़नगर जनपद पंचायत की वोटिंग – अब तक 35% मतदाता डाल चुके हैं वोट, महिला और पुरुष वोटर लगभग बराबर

सुबह 11 बजे तक बडनगर जनपद में 31051 पुरुष व 29573 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है । वहीं सुबह 11 बजे तक कुल मतदान 34.51प्रतिशत हुआ है।

इसके अलावा यहां खरसोद कला के पास ग्राम पंचायत बालोद के गांव गावड़ी में 116 साल की बुजुर्ग महिला प्रताप बाई पति स्वर्गीय बगदीराम ने भी वोट डाला।

बड़नगर जनपद पंचायत चुनाव का मतदान शुरू हो चुका है। 107 ग्राम पंचायतों के 315 मतदान केंद्र पर वोट डाले जा रहे हैं। करीब 7 साल के अंतराल के बाद मप्र में पंचायत चुनाव हो रहे हैं। जिले के बड़नगर ब्लॉक में पंचायत चुनाव का मतदान शुरू हो गया है। इस ब्लॉक की 107 ग्राम पंचायतों में 315 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। यहां पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है, जो कि दोपहर 3 बजे तक चलेगा। मतदान खत्म होने के बाद वोटों की गिनती भी मतदान केन्द्र पर किए जाने की तैयारी है।बड़नगर के ग्राम पंचायतों में 45 संवेदनशील मतदान केंद्र को चिन्हित किया गया है। यहां के लिए रिजर्व पुलिस बल को भी लगा दिया है। उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया की बड़नगर में 315 मतदान केंद्रों के लिए प्रत्येक पर चार-चार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गयी है। इसके अलावा 10 प्रतिशत कर्मचारियों को रिजर्व रखा है। सुरक्षा के भी चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। उज्जैन एसएसपी सत्येंद्र शुक्ल ने बताया की सुरक्षा के लिए 48 पेट्रोलिंग पुलिस पार्टी को लगाया गया है। कहीं भी स्थिति बिगड़ने पर पुलिस पार्टी 15 मिनिट में मतदान केंद्रों तक पहुंच जायेगी। मॉनिटरिंग के लिए दो एडिशनल एसपी और थाना प्रभारियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है।

किस पद के लिए किस रंग का बैलट पेपर

पंच पद- सफेद

सरपंच- नीला

जनपद पंचायत सदस्य- पीला

जिला पंचायत सदस्य- गुलाबी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here