शाजापुर जिला पंचायत पर इस बार भाजपा का होगा कब्जा – हेमराज

शाजापुर जिला पंचायत में भाजपा का अध्यक्ष बनना तय है। आज घोषित हुए चुनाव परिणाम में भाजपा समर्थित आठ प्रत्याशी, कांग्रेस समर्थित दो प्रत्याशी और तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। तीनों निर्दलीय भी भाजपा से जुड़े हैं और उन्होंने भाजपा को समर्थन दे दिया। जिला पंचायत के 13 वार्डो में से भाजपा ने 11 सीटों पर कब्जा कर लिया। अब जिला पंचायत में भाजपा का कब्जा होना तय है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पिछड़ा वर्ग पुरुष के लिए आरक्षित है और इस पद के लिए दो प्रत्याशी चुनाव जीते हैं और दोनों ही भाजपा से है। भाजपा में सबसे प्रमुख दावेदार हेमराज सिसौदिया है जो कि भाजपा के वरिष्ठ नेता माने जाते हैं और पूर्व में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के डायरेक्टर भी रहे हैं।‌ पिछड़ा वर्ग से हेमराज सिंह सिसौदिया और मुरारीलाल पटेल दो ही दावेदार हैं लेकिन भाजपा वरिष्ठता के हिसाब से हेमराज को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाएंगी। भाजपा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही निर्विरोध बनाने की तैयारी में है।

भाजपा का निर्विरोध अध्यक्ष बनेगा

शाजापुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद पिछड़ा वर्ग के पुरुष के लिए आरक्षित है। जिला पंचायत के 13 वार्डों में से केवल वार्ड नंबर 6 और 9 पिछड़ा वर्ग के पुरुष के लिए आरक्षित थे। वार्ड 6 से भाजपा के हेमराज सिंह सिसोदिया और 9 से मुरारीलाल पटेल चुनाव जीते हैं और वरिष्ठता के हिसाब से सिसौदिया का अध्यक्ष बनना तय है।

अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष दोनों ही निर्विरोध बनेंगे

भाजपा जिला अध्यक्ष अंबाराम कराड़ा ने बताया जिला पंचायत में 11 सदस्य भाजपा के चुनकर आए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष दोनों ही निर्विरोध चुने जाएंगे। जिला पंचायत में कांग्रेस से कोई मुकाबला ही नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here