शाजापुर में ‘रिले तिरंगा रैली’ का शुभारंभ – बड़ी संख्या में लोगों ने लिया भाग

हर घर तिरंगा अभियान अन्‍तर्गत आज “रिले तिरंगा रैली” का शुभारंभ स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय से हुआ। रैली का शुभारंभ कलेक्टर दिनेश जैन, पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर, जिला पंचायत सीईओ मिशा सिंह, अपर कलेक्टर मंजूषा विक्रांत राय की उपस्थिति में भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बाराम कराड़ा ने फीता काटकर किया। भारत सरकार द्वारा आजादी के 75 वें वर्ष के उपलक्ष्‍य में अमृत महोत्‍सव मनाया जा रहा है। महोत्‍सव के अन्‍तर्गत “हर घर तिरंगा” अभियान पूरे देश में 11 अगस्‍त 2022 से 17 अगस्‍त 2022 तक चलाया जायेगा। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा लोगों को जागरूक करने के लिए जिला मुख्यालय से आज “रिले तिरंगा रैली” का शुभारंभ किया गया। यह “रिले तिरंगा रैली” जिला मुख्यालय के प्रमुख मार्गो से होते हुए 19 जुलाई से लेकर 13 अगस्त 2022 तक जिले की चारों जनपदो की सभी पंचायतों में एक ग्राम पंचायत भवन से दूसरे ग्राम पंचायत जायेगी तथा सभी ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर 14 अगस्त 2022 को वापस जिला मुख्‍यालय पर आयेगी।

तिरंगा रिले रैली के साथ जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, गणमान्य नागरिको एवं विद्यार्थियों ने शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। साथ ही कलेक्टर सहित गणमान्य नागरिकों एवं अधिकारियों ने ध्वज थाम कर दौड़ भी लगाई। 19 जुलाई को यह रैली जनपद पंचायत शाजापुर से होते हुए ग्राम पंचायत साजोद, सिहोदा, कपालिया, सिरोलिया में भ्रमण करेगी। जिला प्रशासन ने शाजापुर जिले के सभी नागरिको से इस जन-जागरूकता अभियान में अधिकाधिक शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम का संचालन हेमंत दुबे ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here