सागर में जनपद अध्यक्ष का फैसला कल :​​- देवरी, केसली, सागर और मालथौन में अध्यक्ष के नाम तय, रहली व बंडा में पेंच फंसा

त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही जनपद अध्यक्ष पद के लिए राजनीतिक जोड़तोड़ चल रही है। सागर जिले में बुधवार को जनपद पंचायत अध्यक्ष चुनाव के पहले चरण में 6 जनपदों में और दूसरे चरण गुरुवार को पांच जनपदों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए चुनाव होंंगे। बुधवार को जनपद अध्यक्ष के लिए पहले चरण के चुनाव सागर, देवरी, बंडा, रहली, मालथौन और केसली में होंगे। इनमें से सागर, देवरी, मालथौन और केसली में जनपद अध्यक्ष के लिए लाभ लगभग तय हो चुके हैं। सभी जनपदों में भाजपा के दावेदारों की ताजपोशी हो सकती है। वहीं रहली और बंडा में एक से अधिक दावेदार सामने आने पर पेंच फंसा हुआ है।

हालांकि दावेदारों के बीच लगातार बैठक कर एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिशें चल रही हैं। सागर जनपद पंचायत में अध्यक्ष के लिए सविता पृथ्वी सिंह का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं केसली जनपद पंचायत में ऊषा श्रीवास्तव, मालथौन में बुंदेल सिंह ललोई और देवरी में अनीता विनीत पटैरिया का जनपद अध्यक्ष बनना लगभग तय हो चुका है। इसके अलावा रहली और बंडा जनपद में एक से अधिक दावेदार सामने आने के बाद अध्यक्ष की कुर्सी पर ताजपोशी के लिए पेंच फंसा हुआ है।

जनपद अध्यक्ष की 11 में से 5 सीट आरक्षित

सागर जिले में 11 जनपद पंचायतें हैं। इसमें अध्यक्ष पद के लिए 5 पद आरक्षित हैं। मालथौन जनपद ओबीसी, रहली ओबीसी महिला, खुरई एससी, बीना एससी महिला, राहतगढ़ एसटी महिला के लिए आरक्षित हैं। जैसीनगर, शाहगढ़ और बंडा सामान्य, सागर, रहली, देवरी और केसली सामान्य महिला के लिए आरक्षित हैं। एसटी के लिए कोई पद आरक्षित नहीं है।

दो चरणों में होंगे जपं अध्यक्ष के चुनाव

पहला चरण (27 जुलाई): सागर, रहली, केसली, मालथौन, बंडा और देवरी।

दूसरा चरण (28 जुलाई) : बीना, राहतगढ़, खुरई, शाहगढ़ और जैसीनगर।

किस जनपद में कौन है अध्यक्ष का दावेदार

देवरी जनपद पंचायत: अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से अनीता विनीत पटैरिया का नाम लगभग तय माना जा रहा है। दावेदारों में पूर्व विधायक रतन सिंह सिलारपुर की बहु कांति इंद्रराज लोधी भी शामिल हैं। लेकिन संगठन के दखल के बाद दोनों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर सहमति होने की बात सामने आ रही है।

सागर जनपद पंचायत: सागर से जपं अध्यक्ष पद के लिए सविता पृथ्वी सिंह का नाम लगभग तय हो चुका है। अभी तक दूसरा कोई दावेदार सामने नहीं आया है। 22 सदस्यों का समर्थन हासिल होने का दावा किया जा रहा है। निर्विरोध जनपद अध्यक्ष बनने की भी संभावना जताई जा रही है। 24 में से 15 सीटों पर भाजपा, चार पर कांग्रेस समर्थित और पांच पर स्वतंत्र उम्मीदवार जीते हैं।

केसली जनपद पंचायत: केसली जनपद में ऊषा उमेश श्रीवास्तव का नाम जनपद अध्यक्ष के लिए सबसे आगे है। उन्हें भाजपा का समर्थन मिला है। 18 में से करीब 10 जनपद सदस्य भाजपा समर्थित है, जिनका उन्हें समर्थन मिल रहा है।

मालथौन जनपद पंचायत: मालथौन जनपद अध्यक्ष के लिए बुंदेल सिंह ललोई का नाम अध्यक्ष की दौड़ में सबसे आगे है। पिछले कार्यकाल में इनकी पत्नी संध्या बुंदेल सिंह भी जनपद अध्यक्ष रही हैं। मालथौन में 18 में से 6 सदस्य ओबीसी के जीते हैं। इन्हें अध्यक्ष का प्रवल दावेदार माना जा रहा है।

रहली जनपद पंचायत: रहली जनपद पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित रश्मि सुरेश कपस्या, मधु सुरेन्द्र सिंह छीर और सविता भरत सिंह सेमरा दावेदारी कर रही हैं। तीनों दावेदार प्रदेश के मंत्री गोपाल भार्गव के समर्थक हैं। दावेदारों में रश्मि कपस्या का नाम आगे चल रहा है।

बंडा जनपद पंचायत: बंडा जनपद पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पुष्पेन्द्र सिंह और लोकेन्द्र सिंह लोधी दावेदारी कर रहे हैं। लेकिन दोनों में से किसी ने भी पार्टी का समर्थन ओपन नहीं किया है। अंदरूनी तौर पर मामला फंसा है। दावेदारों के बीच अध्यक्ष पद के लिए गणित बैठाने का दौर जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here