ट्रक-स्कूल वाहन में टक्कर 4 स्टूडेंट की मौत – उज्जैन में ट्रैक्स में फंसे रहे घायल बच्चे, बमुश्किल बाहर निकाला; 11 अस्पताल में भर्ती

उज्जैन के पास नागदा में सुबह 7 बजे भीषण हादसा हो गया। स्कूली बच्चों से भरी ट्रैक्स तूफान गाड़ी को ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई। 11 बच्चे गंभीर घायल हैं। एम्बुलेंस नहीं मिलने के कारण घायलों को बस में नीचे लेटाकर अस्पताल पहुंचाया गया। तीन बच्चों को गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज चार अस्पतालों में जारी है। ट्रैक्स में सवार 12 बच्चे नागदा के फातिमा कॉन्वेंट स्कूल के थे। हादसा उन्हेल-नागदा मार्ग पर हुआ।

कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि एक्सीडेंट के दौरान ट्रैक्स में 15 बच्चे सवार थे। ये सभी बच्चे तीसरी से सातवीं क्लास के हैं, जिनकी उम्र 6 से 15 साल के बीच है। घायलों का इलाज उज्जैन के ऑर्थो, संजीवनी, इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल और नागदा में चल रहा है।

इन बच्चों की हुई मौत

  • भाव्यांश पिता सतीश जैन (13), निवासी उन्हेल
  • सुमित (18) पिता सुरेश
  • उमा (15) पिता ईश्वरलाल धाकड़, निवासी उन्हेल
  • इनाया पिता रमेश नन्देदा (6), निवासी उन्हेल

एसपी बोले- आमने-सामने की टक्कर हुई

उज्जैन एसपी सत्येंद्र शुक्ल ने बताया कि जिस वाहन में बच्चे बैठे थे वो उन्हेल और आसपास के बच्चों के लेकर फातिमा कान्वेंट और एगोशदीप स्कूल के लिए निकला था। कुल 15 बच्चे तूफान गाड़ी में सवार थे। रास्ते में झिरनिया के पास नागदा की ओर से आ रहे ट्रक और बच्चों से भरे ट्रैक्स वाहन की आमने-सामने की टक्कर हो गई।

हादसे में बच्चों के अलावा वाहन ड्राइवर भी घायल हुआ है। चार बच्चों की मौत की खबर जैसे ही आई उन्हेल का मार्केट बंद हो गया। हादसे में मृतक छात्र भाव्यांश के परिवार वालों ने भारी मन से बताया कि एक महीने पहले ही उसका एडमिशन फातिमा स्कूल में कराया था। हमें क्या पता था कि इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। इससे पहले वो उन्हेल के स्कूल में ही पढ़ाई कर रहा था।

रस्सी से खींचकर गाड़ी को सीधा किया

नागदा के फातिमा कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों से भरी ट्रैक्स गाड़ी को झिरनिया फंटे के समीप ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तूफान वाहन पूरी तरह से पिचककर पलट गया। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने ट्रैक्स को रस्सी से खींचकर सीधा किया। एम्बुलेंस चालक शिवनारायण व्यास का कहना है कि सूचना के 10 से 15 मिनट बाद ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई थी। एक्सीडेंट के बाद बच्चे गाड़ी में फंसे हुए थे। उनको बमुश्किल बाहर निकाला। उनको नागदा जनसेवा अस्पताल भेजा गया।

ये बच्चे हुए घायल

  • उज्जैन आर्थो अस्पताल में- अनुष्का (15), अक्षत (8)
  • संजीवनी अस्पताल में- निशा प्रज्ञा (12), हर्ष (14) पिता ईश्वरलाल
  • नागदा अस्पताल में- प्रियांश पिता संजय, तनिषा पिता राजेश, प्रियांशी पिता पवन, तैयब पिता आजाद

स्कूली वाहन में सवार बच्चों व ड्राइवर के नाम

1. सुमित मदारिया (क्लास-11th) निवासी उन्हेल 2. निहारिका मदारिया (क्लास-10th) 3. पर्व जैन (क्लास-3rd) 4. दर्शन जैन (क्लास-5th) 5. अनुष्का सेकवाडिया (क्लास-10th) 6. भाव्यांश जैन (क्लास-6th) 7. प्रयाग जैन (क्लास-5th) 8. उमा वाकतलिया (क्लास-8th) 9. हरीश वाकतलिया (क्लास-6th) 10. हिमांशु मंडावलिया (क्लास-4th) 11. प्रियांशी मंडावलिया (क्लास-2nd) 12. अक्षत ढोढरिया (क्लास-3rd) 13. तनिषा पिता राजेश मेहता (एगोशदीप स्कूल नागदा) 14. श्रेयांस पिता राजेश मेहता (एगोशदीप स्कूल नागदा)

वाहन (तूफान) ड्राइवर- तैय्यब निवासी ग्राम पासलोद

स्कूल प्रबंधन ने जिम्मेदारी लेने से पल्ला झाड़ा

हादसे के बाद फातिमा स्कूल प्रबंधन ने एक पत्र जारी करते हुए हादसे में घायल अपने स्कूल के छात्रों की जानकारी दी। साथ ही हादसे से भी अपना पल्ला झाड़ लिया। पत्र में स्कूल प्रबंधन ने लिखा, फातिमा कॉन्वेंट स्कूल के छात्र-छात्राएं सुबह स्कूल आ रहे थे, विद्यालय से किसी भी वाहन स्वामी का कोई अनुबंध नहीं है। अभिभावक स्वयं अपनी जिम्मेदारी पर बच्चों को विद्यालय भेजते हैं। फातिमा परिवार इस घटना से स्तब्ध है और सभी विद्यार्थियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here